मऊ में रिश्वतखोरी पर बड़ा एक्शन, 20 हज़ार रुपये घूस लेते दारोगा रंगे हाथ गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: मऊ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए गए अभियान में एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार शाम हलधरपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक (दारोगा) अजय सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दारोगा को थाने के बगल स्थित एक दुकान से ₹20,000 की घूस लेते हुए पकड़ा गया। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

क्या था मामला?
उपनिरीक्षक अजय सिंह, जो हलधरपुर थाना क्षेत्र के हल्का संख्या 5 में तैनात थे। छिछोर करौंदी निवासी धृतेश उर्फ बबलू चौहान, जिनके खिलाफ जमीन विवाद को लेकर कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ था। धृतेश ने आरोप लगाया कि दारोगा अजय सिंह ने मुकदमा से उनका नाम निकालने के लिए उनसे एक लाख रुपये की मांग की थी।
एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई
शिकायतकर्ता धृतेश ने इस मामले की शिकायत आजमगढ़ शाखा की एंटी करप्शन टीम से की थी। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे, धृतेश दारोगा को रिश्वत की पहली किस्त देने के लिए थाना के बगल स्थित मद्देशिया जूस की दुकान पर पहुंचे। एंटी करप्शन टीम पहले से ही वहां मौजूद थी। टीम ने दारोगा अजय सिंह को ₹20,000 की घूस लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। दारोगा को गिरफ्तार कर दक्षिणटोला थाने ले जाया गया, जहाँ टीम उससे पूछताछ कर रही है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी इलामारन ने दारोगा की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि एंटी करप्शन टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दारोगा मूल रूप से प्रयागराज जिले के थरवई थाना क्षेत्र के मलाका गांव का रहने वाला है और उसकी पोस्टिंग 2023 में हुई थी।
Also Read: सोनभद्र फर्जीवाड़ा: 1992 की तदर्थ नियुक्ति पर कूटरचित आदेश से वेतन जारी, 9 पर FIR

