बरेली एनकाउंटर: पुलिस मुठभेड़ में 2 शातिर चोर घायल, अवैध हथियार और चोरी का सामान बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, बरेली जिले के थाना सुभाषनगर पुलिस ने शनिवार (08.11.2025) को तड़के हुई मुठभेड़ के दौरान दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। आत्मरक्षा में की गई पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों अभियुक्तों के पैरों में गोली लगी है।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी का विवरण
30.10.2025 को ग्रीन वैली कॉलोनी में हुई चोरी के मुकदमे के अनावरण के लिए गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। मुखबिर ने बताया कि चोरी करने वाले अपराधी फतेहपुर से इटौवा जाने वाले रास्ते पर धीर सिंह के घर के पीछे चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया, तो अभियुक्तों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों अपराधी घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अंशुल सक्सेना (निवासी शांति विहार) के दाहिने पैर में गोली लगी। कुलदीप यादव (निवासी रविंदर नगर) के बाएँ पैर में गोली लगी। एक अन्य बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है, जबकि उनका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल अभियुक्तों को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध असलाह और चोरी का माल बरामद हुआ है। 315 बोर के दो तमंचे, 4 खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, चार जीवित कारतूस (12 बोर), चोरी की एक जोड़ी चांदी की पाजेब, एक चांदी का कमरबंद, दो स्मार्ट वॉच, दो स्मार्टफोन और ₹1270/- नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, अंशुल सक्सेना और कुलदीप यादव दोनों ही शातिर अपराधी हैं और उनके खिलाफ सुभाषनगर, फतेहगंज पूर्वी, बारादरी और कोतवाली समेत विभिन्न थानों में लूट और चोरी के कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के संबंध में सुभाषनगर थाने में मुकदमा संख्या 778/25 (धारा 317(2)/109 बीएनएस व 3/25/27 आयुध अधि.) पंजीकृत किया गया है।
Also Read: यूपी STF ने अंतर्राष्ट्रीय वन्यजीव तस्कर गिरोह का किया पर्दाफाश, 12 मोर के साथ 4 गिरफ्तार

