प्रतापगढ़ जेल से चल रहा था ड्रग्स तस्करी का रैकेट, माफिया राजेश मिश्रा के घर से 2 करोड़ कैश समेत गांजा-स्मैक बरामद
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के एक विशाल नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस दौरान तस्कर के घर से ड्रग्स की बड़ी खेप के साथ ही 2 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरे तस्करी गैंग को प्रतापगढ़ जेल में बंद दुर्दांत माफिया राजेश मिश्रा चला रहा था।
कैश और ड्रग्स का अंबार
एसपी दीपक भुकुर ने पुलिस लाइन में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुंदीपुर गाँव में राजेश मिश्रा के घर शनिवार को छापा मारा गया। नोटों की इतनी बड़ी संख्या देखकर पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए, और नकदी की गिनती करीब 24 घंटे तक चलती रही। बरामदगी की सूचना इनकम टैक्स विभाग को दे दी गई है।
प्रतापगढ़ में 3 करोड़ की ड्रग्स व कैश बरामद, जेल में बंद माफिया राजेश मिश्रा की पत्नी रीना समेत 5 गिरफ्तार, 24 घंटे चली नोट गिनती
प्रतापगढ़ में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मानिकपुर थाना पुलिस ने करीब 2 करोड़ रुपये नकद और 1 करोड़ की कीमत का गांजा pic.twitter.com/NtU7n57qqO— Vedant Sharma ( son of uttar pradesh ) (@vedant_livee) November 9, 2025
परिवार समेत 5 लोग गिरफ्तार
इस अवैध कारोबार में माफिया राजेश मिश्रा का पूरा परिवार शामिल था। पुलिस ने इस मामले में कुल पाँच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें रीना मिश्रा (राजेश की पत्नी), विनायक मिश्रा (बेटा), कोमल मिश्रा (बेटी), पड़ोसी यश मिश्र, अजीत मिश्रा शामिल हैं। एसपी ने बताया कि गैंगस्टर रीना मिश्रा केवल 25 दिन पहले ही जेल से छूटकर आई थी और तुरंत फिर से इस काले कारोबार में शामिल हो गई। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत उस पर कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही राजेश मिश्रा द्वारा अवैध रूप से अर्जित 3 करोड़ 6 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की गई थी। तस्कर राजेश मिश्रा के खिलाफ विभिन्न थानों में 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
Also Read: बिहार के नरपतगंज में गरजे CM योगी, बोले- अब न कर्फ्यू, न दंगा, यूपी में सब चंगा

