आतंकी साजिश का खुलासा: फरीदाबाद में डॉक्टर के घर से 300 किलो RDX, AK-56 बरामद, जांच तेज

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलोग्राम आरडीएक्स (RDX) का जखीरा बरामद किया है। यह विस्फोटक और हथियार फरीदाबाद के धौज इलाके में स्थित एक डॉक्टर के आवास से मिले हैं। इस बरामदगी के बाद से पूरे इलाके और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा था संदिग्ध डॉक्टर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी दो दिन पहले गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी मुजाहिल शकील की निशानदेही पर की गई। मुजाहिल शकील एक डॉक्टर है और इसके आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammed) से जुड़े होने की बात कही जा रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने गिरफ्तारी के बाद गहन पूछताछ की, जिसके आधार पर धौज स्थित उसके आवास पर छापा मारा गया।

बरामद हथियारों का जखीरा

डॉक्टर के घर से जो सामग्री बरामद की गई है, वह सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है, क्योंकि आरडीएक्स एक अत्यंत शक्तिशाली विस्फोटक है और इतनी बड़ी मात्रा (12 बैग में) में इसका मिलना किसी बड़े आतंकी खतरे की ओर इशारा करता है।

बरामद सामग्री में शामिल हैं:

  • लगभग 300 किलोग्राम आरडीएक्स (कुल 12 बैग में)
  • एक एके-56 (AK-56) राइफल
  • दो ऑटोमैटिक पिस्टल
  • 84 कारतूस
  • पांच लीटर संदिग्ध केमिकल

सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुट गई हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में आरडीएक्स और हथियार क्यों जमा किए गए थे और संदिग्ध आतंकी मुजाहिल शकील किन विनाशकारी साजिशों को अंजाम देने की तैयारी में था।

Also Read: बलिया: पड़ोसियों ने कुल्हाड़ी से काटकर युवक को उतारा मौत के घाट, सड़क पर फेंका शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.