दिल्ली: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में भीषण धमाका; 8 लोगों की मौत, 24 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में भीषण धमाका हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह क्षेत्र हाई-सिक्योरिटी जोन में आता है। इस घटना में प्रारंभिक सूचना के अनुसार, 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि कम से कम 24 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए पास के एलएनजीपी (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

धमाका इतना शक्तिशाली था कि पार्किंग में खड़ी 6 से अधिक वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कार में तुरंत आग लग गई, जिससे घना धुआं उठने लगा। धमाके की आवाज़ कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट के कारण पास की लाजपत राय मार्केट में आग लग गई और लाल जैन मंदिर व आसपास की दुकानों के शीशे भी टूट गए।

धमाके की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पा लिया गया है और पूरे इलाके को सुरक्षा के मद्देनज़र सील कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Also Read: लखनऊ की महिला डॉक्टर AK-47 के साथ गिरफ्तार, तीन राज्यों में फैला आतंकी मॉड्यूल ध्वस्त

