मुरादाबाद एनकाउंटर: UP STF ने मुठभेड़ में 1.5 लाख के दो कुख्यात इनामी बदमाश किए ढेर

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने बीती शाम संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुरादाबाद में हुई एक मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाशों को मार गिराया। मारे गए बदमाशों की पहचान आसिफ उर्फ टिड्डा और दीनू उर्फ इलियास के रूप में हुई है, जिन पर हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी जैसे संगीन अपराधों के दर्जनों मुकदमे दर्ज थे।

एनकाउंटर और पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा

मुठभेड़ भोजपुर थाना क्षेत्र के गोट रेलवे स्टेशन के पास हुई। पुलिस टीम द्वारा घेरे जाने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को गोली लगी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान, एसएसपी सतपाल अंतिल और मेरठ एसटीएफ के एएसपी (ASP) की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली धंस गई, जिससे दोनों अधिकारी बाल-बाल बच गए। घटनास्थल से पुलिस ने एक कार, एक कार्बाइन (30 बोर), तीन पिस्टल (32 बोर) और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

कुख्यात आसिफ उर्फ टिड्डा का आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आसिफ उर्फ टिड्डा (निवासी, रसीद नगर, मेरठ) पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह कई राज्यों में वांछित था। उसके खिलाफ मेरठ, मुज़फ्फ्फरनगर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मुरादाबाद, सहारनपुर, उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा में 65 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज थे। उसे 2013 में हिस्ट्रीशीटर 74-A घोषित किया गया था।

प्रमुख वारदातें

  • 2025: मुरादाबाद के व्यापारी हाजी ज़फर से ₹1 करोड़ की रंगदारी मांगी थी।
  • 2022: अलीगढ़ में परिवार को बंधक बनाकर ₹10 लाख की डकैती।
  • 2020: मुज़फ्फ्फरनगर में अपहरण और हत्या।
  • 2013: हरियाणा के पानीपत में ₹40 लाख की डकैती।

50 हज़ार का इनामी दीनू उर्फ इलियास

दूसरा बदमाश दीनू उर्फ इलियास (निवासी, खिवाई, मेरठ) ₹50 हज़ार का इनामी था और 25 मुकदमों में वांछित था। वह भी हिस्ट्रीशीटर (नंबर 298A/2009) था और मुज़फ्फ्फरनगर में हुई अपहरण-हत्या और डकैती की सनसनीखेज वारदात में शामिल था।

Also Read: धर्मेंद्र के निधन की अफवाह झूठी: हेमा मालिनी और ईशा देओल ने जारी किया बयान, मीडिया पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.