अभिनेता गोविंदा की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती, डॉक्टर बोले- चिंता की कोई बात नहीं
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड के मशहूर हीरो नंबर 1 अभिनेता गोविंदा को मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के क्रिटीकेयर अस्पताल, जुहू में भर्ती कराया गया है। उनके सहयोगी और लीगल एडवाइज़र ललित बिंदल ने मीडिया से बातचीत में इस खबर की पुष्टि की।
बेहोश होने के बाद हुए भर्ती
ललित बिंदल ने बताया कि मंगलवार शाम लगभग 8:30 बजे गोविंदा अपने घर पर अचानक बेहोश हो गए थे। शुरुआती दवा के बाद भी स्थिति में सुधार न होने पर देर रात लगभग 1 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
ललित बिंदल के मुताबिक, गोविंदा की हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की एक टीम उनकी कड़ी निगरानी में उनका इलाज कर रही है। ज़रूरी मेडिकल टेस्ट जारी हैं, जिनकी रिपोर्ट्स आने के बाद आगे का उपचार तय होगा। क्रिटीकेयर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दीपक नामजोशी ने भी अभिनेता के भर्ती होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि गोविंदा की हालत अभी ठीक और स्थिर है। वह फिलहाल अपने कमरे में आराम कर रहे हैं। उनकी सेहत को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है।
गोविंदा के सचिव शशि सिन्हा ने बताया कि मंगलवार को दिनभर अभिनेता को बेचैनी और चक्कर जैसा महसूस हो रहा था, जिसके बाद देर रात रूटीन चेकअप के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। आपको बता दें कि गोविंदा को पिछले साल भी पैर में गोली लगने की घटना के बाद इसी क्रिटीकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
Also Read: धर्मेंद्र को अस्पताल से मिली छुट्टी, घर लौटे ही-मैन, परिवार और फैंस में खुशी की लहर

