सलमान खान ने ‘मातृभूमि’ की स्क्रिप्ट बदलने के दावों को बताया गलत, बोले- सरकार का कोई दबाव नहीं था

ट्रेलर लॉन्च पर फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान, 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

Bollywood News: सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का ट्रेलर लॉन्च हो गया है।

इस दौरान अभिनेता ने फिल्म की स्क्रिप्ट में बदलाव और रिलीज में देरी को लेकर खुलकर बात की।

सलमान ने साफ कहा कि स्क्रिप्ट दोबारा लिखने के लिए सरकार की तरफ से कोई दबाव नहीं था। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान ने स्क्रिप्ट दोबारा लिखे जाने की खबरों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म में सेना के जवानों और उनके परिवारों के संघर्ष को दिखाया गया है।

कहानी में दोनों तरफ के हालात और सैनिकों की जिम्मेदारियों को सामने रखा गया है।

सलमान के मुताबिक, फिल्म में दिखाया गया है कि मुश्किल हालात में सैनिकों के लिए देश सबसे पहले होता है।

उन्होंने कहा कि कहानी किसी नकारात्मक पक्ष पर नहीं, बल्कि परिस्थितियों पर आधारित है।

रिलीज में देरी पर बोले- VFX लेट है

फिल्म पहले अप्रैल 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई। अब यह 4 दिसंबर को रिलीज होगी।

देरी पर सलमान ने अपने अंदाज में कहा, “इस बार मैं लेट नहीं हूं, VFX लेट है।”

फिल्म के गाने ‘मेरी सैक्सी ब्यूटी’ को लेकर उठ रहे सवालों पर सलमान ने कहा कि दर्शकों को फिल्म देखने के बाद समझ आएगा कि यह गाना कहानी में किस तरह फिट बैठता है।

उन्होंने बताया कि फिल्म में सेना के अधिकारी अपनी पत्नियों की तारीफ करते हैं और इसी प्रसंग में यह गाना आता है।

‘बैटल ऑफ गलवान’ से ऐसे बना ‘मातृभूमि’ टाइटल

सलमान की इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया।

टाइटल बदलने पर अभिनेता ने बताया कि शुरुआती नाम केवल क्लैप पर रखा गया था। बाद में फिल्म को नया नाम हिमेश रेशमिया के गाने से मिला।

अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी। फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ से टक्कर होने की चर्चा है।

Also Read: दुनिया के सबसे बड़े म्यूजिक फेस्टिवल में दिखेगा गुरु रंधावा का जलवा, स्टीव आओकी के साथ मचाएंगे धमाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.