बलिया: तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकराई, पार्टी मनाकर लौट रहे तीन दोस्तों की मौत; दो गंभीर

Sandesh Wahak Digital Desk: बलिया के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के पर्वतपुर घेराई मार्ग पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महुआ बाग के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो एक पेड़ से टकरा गई, जिसमें सवार तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया है। सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्रा ने हादसे में तीन युवकों की मौत की पुष्टि की है।

मृतकों और घायलों का विवरण

मृतकों में दो युवक रामपुरकलां गांव के और एक हरदतपुर गांव के दिवाकरपुर का रहने वाला था।

सत्यम राजभर (20 वर्ष), पुत्र हरीश राजभर, निवासी रामपुरकलां। (अस्पताल ले जाते समय मृत घोषित)

विकास उर्फ विशाल राजभर (21 वर्ष), पुत्र श्रीकेश राजभर, निवासी दिवाकरपुर। (अस्पताल ले जाते समय मृत घोषित)

राजा कुमार (18 वर्ष), पुत्र विजय कुमार, निवासी रामपुरकलां। (वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत)

गंभीर रूप से घायल: अनीश राजभर (16 वर्ष) और अभिषेक राजभर (18 वर्ष)। (दोनों का वाराणसी में इलाज जारी है।)

हादसे का घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार, राजा, सत्यम और तीन अन्य दोस्त (विकास, अनीश, अभिषेक) राजा की चार महीने पुरानी बोलेरो में दोपहर बाद दिवाकरपुर पहुंचे थे। सभी दोस्त बांसडीह में पार्टी मनाने के बाद रात करीब 9 बजे रामपुरकलां लौटे थे।

रामपुरकलां में 20 मिनट रुकने के बाद वे साथियों को दिवाकरपुर छोड़ने जा रहे थे। दिवाकरपुर गांव से लगभग 1 किमी पहले सिंगल सड़क पर बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेड़ का हिस्सा बोलेरो के इंजन में घुस गया।

हादसा देर रात कम आवाजाही वाले रास्ते पर हुआ। लगभग आधे घंटे बाद वहां से गुज़र रहे एक पिकअप चालक ने बोलेरो को पेड़ में फंसा देखा। उसने घायलों को बाहर निकाला और अभिषेक का बज रहा मोबाइल फोन उठाकर परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी। परिजन और पुलिस तुरंत मौके पर पहुँचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Also Read: UP Corruption: घोटालों में खूब सुर्खियां बटोर रहे अधिकांश जिलों के बीएसए

Get real time updates directly on you device, subscribe now.