‘कुर्सी हिलती है तो CM योगी सांप्रदायिक हो जाते हैं’, अखिलेश यादव का सीधा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को प्रदेश सपा मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की भाषा सांप्रदायिक हो गई है और वह निजी सुरक्षा को खतरे में देख तुरंत सांप्रदायिक भाषण देना शुरू कर देते हैं।
कुर्सी हिलने पर सांप्रदायिक भाषा का आरोप
सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए कहा “मुख्यमंत्री को जब लगता है कि आम जनता, भाजपा के लोग और विधायक उनके खिलाफ हैं, तो वे घबरा जाते हैं। जैसे ही मुख्यमंत्री की कुर्सी हिलने लगती है, वैसे ही वे सांप्रदायिक भाषण देना शुरू कर देते हैं।” अखिलेश यादव ने एक बार फिर आरोप दोहराया कि भाजपा एग्जिट पोल और चैनलों का इस्तेमाल नैरेटिव (धारणा) सेट करने के लिए करती है।
विजन इंडिया, स्वास्थ्य और बिजली पर सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का विजन ‘इंडिया’ और ‘न्यू इंडिया’ से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हो गई हैं और सरकार को स्टार्टअप, एआई (AI) या विकास का कोई विजन नहीं है। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बिजली विभाग को बेचना चाहती है, मंडियों को बेच दिया है और निवेश में भी कमीशन ले रही है। उन्होंने कन्नौज के काऊ मिल्क प्लांट को बर्बाद करने और पराग दुग्ध को खत्म करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों को दूध की सही कीमत नहीं दे पा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नौ वर्ष में विकास का कोई काम नहीं किया और नई पीढ़ी के भविष्य को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी कट्टर विचारों के खिलाफ है, सबको साथ लेकर चलती है और उसकी सोच बड़ी होती है।
हॉफ मैराथन का ऐलान
इस दौरान अखिलेश यादव ने पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी द्वारा बलिया में पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के नाम पर हॉफ मैराथन कराने की घोषणा की और कार्यक्रम के लिए स्पोर्ट्स किट लॉन्च की।
Also Read: यूपी बोर्ड परीक्षा 2026: इंटरमीडिएट संस्कृत की तारीख बदली, 52 लाख से अधिक विद्यार्थी देंगे एग्जाम

