दिल्ली कार ब्लास्ट केस: कानपुर से एक और संदिग्ध डॉक्टर आरिफ हिरासत में

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में हुए भीषण कार ब्लास्ट मामले में जाँच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। उत्तर प्रदेश एटीएस ने इस मामले में एक और संदिग्ध को हिरासत में लिया है। यह व्यक्ति डॉक्टर मोहम्मद आरिफ है, जो कानपुर से कार्डियोलॉजी की पढ़ाई कर रहा था।

पूछताछ के बाद आरिफ को दबोचा

सामने आया है कि एटीएस ने पहले हिरासत में लिए गए डॉक्टर परवेज से कड़ी पूछताछ की। इसी पूछताछ के बाद टीम ने कानपुर में दबिश दी और मोहम्मद आरिफ को हिरासत में ले लिया। उधर, मंगलवार शाम को हिरासत में लिए गए डॉक्टर परवेज को लेकर देर रात एनआईए (NIA) और एटीएस (ATS) की संयुक्त टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई। बता दें कि डॉक्टर परवेज, संदिग्ध आतंकवादी डॉक्टर शाहीन सिद्दीकी का भाई है।

परवेज के पास से मिले संदिग्ध सामान

पुलिस सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर परवेज की जाँच के दौरान उन्हें तीन कीपैड फोन मिले। कुछ इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और धारदार हथियार भी बरामद हुए। जाँच एजेंसियों को आशंका है कि इन चीज़ों से आतंकी मॉड्यूल में डॉक्टर परवेज की अहम भूमिका हो सकती है।

फरीदाबाद से जुड़े तार, एनआईए कर रही जाँच

दिल्ली कार ब्लास्ट के तार उस आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हैं जिसका भंडाफोड़ फरीदाबाद में हुआ था। इसी ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर शाहीन सिद्दीकी को गिरफ्तार किया गया था और 10 नवंबर को जाँच एजेंसियों ने लगभग 2900 किलो विस्फोटक बरामद किया था। बता दें कि यह शक्तिशाली विस्फोट सोमवार शाम करीब 6:52 बजे भारत के प्रतिष्ठित स्मारक लाल किले के पास हुआ था। फ़िलहाल, इस आतंकी हमले की जाँच केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) के हाथों में है।

Also Read: अमेरिका का अब तक का सबसे लंबा शटडाउन खत्म, सरकारी कामकाज बहाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.