बिहार चुनाव नतीजे से पहले पटना में पोस्टर वार शुरू, JDU ने लगाया टाइगर अभी जिंदा है का पोस्टर
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे 14 नवंबर को घोषित होने वाले हैं, लेकिन इससे ठीक पहले पटना का सियासी माहौल गरम हो चुका है। जहाँ महागठबंधन के नेता एग्जिट पोल को नकार रहे हैं, वहीं एनडीए नेताओं का जोश हाई है। राजधानी में अभी से ही पोस्टर वार शुरू हो गया है।
नीतीश समर्थकों का टाइगर पोस्टर
जेडीयू (JDU) कार्यालय के सामने नीतीश कुमार के समर्थकों ने एक बड़ा पोस्टर लगाया है, जिसमें लिखा है, टाइगर अभी जिंदा है! यह पोस्टर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। लगभग सभी एग्जिट पोल में एनडीए की सत्ता में वापसी की उम्मीद जताई गई है, जिसके बाद जेडीयू समर्थकों का मनोबल बढ़ा हुआ है। कुछ एग्जिट पोल यह भी संकेत दे रहे हैं कि महिला वोटरों के दम पर नीतीश कुमार एक बार फिर सीएम की कुर्सी तक पहुँच सकते हैं।
पोस्टर में दलित, महादलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा, सवर्ण और अल्पसंख्यकों का भी ज़िक्र है। यह एक संदेश देने की कोशिश है कि नीतीश कुमार ने राज्य के मुखिया के तौर पर सभी वर्ग और समुदाय के कल्याण का ध्यान रखा है। हालांकि, शुक्रवार को मतपेटी खुलने के बाद ही पता चलेगा कि जनता ने वास्तव में किस पर भरोसा जताया है।
#WATCH पटना, बिहार: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक पोस्टर पार्टी कार्यालय के बाहर लगाया गया, जिस पर लिखा है "टाईगर अभी जिंदा है"। pic.twitter.com/WFym6gicxV
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 13, 2025
तेजस्वी यादव का एग्जिट पोल पर हमला
दूसरी ओर, महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव एग्जिट पोल पर जमकर निशाना साध रहे हैं। पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने कहा कि ये एग्जिट पोल एनडीए की सांठ-गांठ से जनता को भ्रमित करने के लिए बनाए गए हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार की जनता ने इस बार बदलाव के लिए वोट किया है और 1995 की जीत से भी बड़ी जीत के साथ उनकी सरकार बनेगी। उन्होंने यहाँ तक कहा कि 18 नवंबर को मैं ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लूँगा।
सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर
नतीजे आने में अब 24 घंटे से भी कम का वक्त बचा है और प्रदेश का सियासी पारा चरम पर है। दिल्ली ब्लास्ट के बाद सुरक्षा व्यवस्था भी हाई अलर्ट पर है। पूरे प्रदेश में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतज़ाम किए गए हैं। ईवीएम और वीवीपैट को दो लेयर की कड़ी सुरक्षा में रखा गया है और काउंटिंग सेंटर पर भी सुरक्षा टीमें मुस्तैद हैं।
Also Read: Prayagraj News: अखिलेश यादव के करीबी सपा नेता गुलशन यादव की करोड़ों की संपत्ति कुर्क

