‘वीडियो वायरल कर दूंगी…’, IPL क्रिकेटर विपराज निगम को महिला ने किया ब्लैकमेल, दर्ज करवाई FIR
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल क्रिकेटर विपराज निगम ने एक महिला पर ब्लैकमेलिंग और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बाराबंकी नगर कोतवाली में इस संबंध में FIR दर्ज करवाई है।
दिल्ली कैपिटल्स टीम से खेलने वाले इस युवा ऑलराउंडर ने आरोप लगाया कि एक महिला उन्हें फोन पर धमका रही थी और अनुचित मांगें न मानने पर “वीडियो वायरल करने” की धमकी दे रही थी।

नंबर ब्लॉक करने के बाद भी आ रहे धमकी भरे कॉल
विपराज ने अपनी शिकायत में बताया कि महिला द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था। जब उन्होंने उसका नंबर ब्लॉक किया, तो उन्हें अलग-अलग इंटरनेशनल नंबरों से धमकी भरे कॉल और मैसेज आने लगे।
उन्होंने कहा कि इन कॉल्स में न केवल उन्हें, बल्कि उनके परिवार की प्रतिष्ठा खराब करने की भी धमकी दी जा रही है।
विपराज ने पुलिस को बताया —
“यह पूरी घटना मेरे करियर और मानसिक स्थिति को प्रभावित कर रही है। मैंने पुलिस से ठोस कार्रवाई की मांग की है।”
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बाराबंकी नगर कोतवाली में FIR दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच साइबर सेल और अन्य संबंधित विभागों को सौंप दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला सोशल मीडिया तक भी पहुंच चुका है।
दरअसल, एक महिला पत्रकार ने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर विपराज निगम पर गंभीर आरोप लगाए थे।
पत्रकार ने दावा किया कि उन्होंने कथित पीड़िता से बात की है, जो नोएडा पुलिस के चक्कर काट रही है और उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है।
कौन हैं विपराज निगम?
विपराज निगम उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली ऑलराउंडर हैं। उन्हें आईपीएल 2025 सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने ₹50 लाख में टीम में शामिल किया था।
सिर्फ 21 साल की उम्र में उन्होंने अपने डेब्यू सीजन में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन कर ध्यान खींचा था।
-
14 IPL मैचों में बनाए 142 रन और लिए 11 विकेट
-
घरेलू क्रिकेट में यूपी के लिए खेले 5 फर्स्ट क्लास मैच, 19 विकेट
-
6 लिस्ट-ए मैचों में 4 विकेट और 35 रन
-
21 टी20 मैचों में 19 विकेट और 206 रन
विपराज फिलहाल भारत-ए बनाम साउथ अफ्रीका-ए के बीच 13 नवंबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज का हिस्सा हैं।
क्या है आगे की कार्रवाई?
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और बैंकिंग एंगल की भी जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि “प्राथमिक जांच में ब्लैकमेलिंग के एंगल की पुष्टि हुई है”, और जल्द ही इसमें शामिल लोगों से पूछताछ शुरू की जाएगी।

