डीडीयू जंक्शन पर बड़ी कामयाबी, संदिग्ध युवक के बैग से 60 लाख कैश बरामद, जांच शुरु

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेलवे जंक्शन पर आज रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को ₹60 लाख की भारी नकदी के साथ पकड़ा गया है। यह कार्रवाई 13 नवंबर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे नियमित संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान हुई।

संदिग्ध युवक और बरामदगी का विवरण

आरपीएफ, जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम, जिसका नेतृत्व आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत कर रहे थे, ने स्टेशन के पैदल पुल पर एक युवक को तेज कदमों से चलते हुए देखा। उसके बड़े पिट्ठू बैग पर संदेह होने पर उसे रोका गया।

आयुष राज (27) के पिट्ठू बैग से ₹60,00,000 (साठ लाख रुपये) नकद बरामद हुए। यह कैश ₹500 के 12,000 नोटों के रूप में था। प्रारंभिक पूछताछ में आयुष राज ने बताया कि वह यह नकदी वाराणसी से सासाराम (बिहार) लेकर जा रहा था। युवक इस बड़ी राशि के स्रोत या उसके परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

आयकर विभाग के हवाले मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डीडीयू द्वारा तुरंत आयकर विभाग, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) को सूचित किया गया। आयकर निरीक्षक रंजीत कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद, पकड़े गए युवक आयुष राज और बरामद ₹60 लाख की नकदी को आयकर विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।

अब आयकर विभाग इस कैश के स्रोत, इसके मालिक और संभावित काले धन से जुड़े पहलुओं की जांच करेगा और नियमानुसार विधिक कार्रवाई करेगा।

Also Read: कानपुर में ‘बिटुमिन कालाबाजारी’ गिरोह का भंडाफोड़, UP STF ने 6 सक्रिय सदस्य किए गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.