Shravasti News: सामने आई दिल दहला देने वाली घटना, पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के बाद युवक ने दी जान
Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती जिले के इकौना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।
जहां एक युवक ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या कर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही कमरे से पांच शव मिलने से पूरे गांव में मातम और सनसनी फैल गई।
घटना का विवरण
ग्राम पंचायत कैलाशपुर के मजरा मनिहारन पुरवा निवासी रोजअली (30) मुंबई में मजदूरी करता था और छह नवंबर को परिवार के साथ घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक, घर आने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बना रहता था।
गुरुवार रात परिवार खाना खाकर सो गया। शुक्रवार सुबह लंबे समय तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने आवाज लगाई लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए।
बेड पर पत्नी शहनाज (30) और तीन बच्चे—तबस्सुम (6), गुलनाज (4) और मोईन (2)—मृत हालत में पाए गए, जबकि रोजअली का शव पंखे से लटका मिला।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच
सूचना पर ग्राम प्रधान और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ इकौना ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने नमूने इकट्ठे कर जांच शुरू कर दी है।
SP राहुल भाटी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में प्रतीत होता है कि रोजअली ने पहले पत्नी और बच्चों की हत्या की और फिर आत्महत्या की। विवाद की असल वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।

