हरियाणा पुलिस का ऑपरेशन ट्रैकडाउन सफल, एक दिन में 257 अपराधी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा पुलिस ने राज्य को सुरक्षित बनाने और संगठित अपराध सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। डीजीपी हरियाणा के कड़े निर्देशों पर चलाए गए विशेष राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत 14 नवंबर को एक ही दिन में विभिन्न अपराधों में शामिल 257 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
गंभीर मामलों में 76 कुख्यात गिरफ्तार
इस एक दिवसीय सघन अभियान के तहत पुलिस ने 76 कुख्यात अभियुक्तों को गंभीर मामलों में गिरफ्तार किया, जबकि अन्य वांछित मामलों में 181 अन्य गिरफ्तारियाँ हुईं, जिससे कुल गिरफ्तारियाँ 257 तक पहुँच गईं। ऑपरेशन के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और अवैध हथियार जैसे गंभीर अपराधों के 42 मामले दर्ज किए गए, जिनमें तकरीबन 62 अपराधियों को जेल भेजा गया। अपराधियों पर कड़ी नकेल कसने के लिए 13 अभियुक्तों की हिस्ट्री शीट खोली गई है, जिसका मतलब है कि अब इन पर पुलिस की निरंतर और कड़ी निगरानी बनी रहेगी।
10 दिन में 2860 अपराधी गिरफ्तार
पुलिस के पिछले 10 दिनों के इस व्यापक अभियान की समग्र सफलता का आकलन करें तो, ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत 514 कुख्यात अपराधी विशेष रूप से चिन्हित कर जेल भेजे गए। विभिन्न अपराधों में वांछित 2,346 अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। कुल 2,860 अपराधी कानून के शिकंजे में आ चुके हैं। यह विशाल आंकड़ा अपराध उन्मूलन के प्रति हरियाणा पुलिस के समर्पण को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
इनामी अपराधी और हथियार सप्लायर भी पकड़े गए
भिवानी में हत्या का इनामी आरोपी गिरफ्तार भिवानी पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देश पर, सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने महीनों से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी अपराधी नवीन को तोशाम बाईपास से गिरफ्तार किया है। आरोपी नवीन हत्या जैसे संगीन अपराध में वांछित था, जो 28 जुलाई को हुए जमीनी विवाद और गंभीर मारपीट से संबंधित था, जिसमें घायल पीड़ित ने बाद में दम तोड़ दिया था। आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है।
करनाल में हथियार सप्लायर गिरफ्तार संगठित अपराध पर प्रहार करते हुए, करनाल पुलिस की सीआईए 2 ने मेडिकल स्टोर पर फायरिंग के मामले में शामिल आरोपी बादल को गिरफ्तार किया है, जो अपराधियों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने का काम करता था। इस आदतन अपराधी के खिलाफ पहले से ही 15 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने रिमांड पर लेकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के पूरे नेटवर्क और इसके आर्थिक स्रोतों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Also Read: पुतिन और नेतन्याहू के बीच अहम फोन कॉल, मध्य पूर्व और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर हुई चर्चा

