बिहार में नई सरकार की तस्वीर लगभग साफ, नीतीश कुमार फिर CM, 31 मंत्री लेंगे शपथ
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार (Bihar) में नई सरकार गठन को लेकर तस्वीर अब लगभग साफ होती जा रही है। सूत्रों की मानें तो एनडीए गठबंधन ने मंत्रिमंडल का फॉर्मूला तय कर लिया है और एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी नीतीश कुमार ही निभाने वाले हैं। वहीं बीजेपी को इस बार दो डिप्टी सीएम मिलने की चर्चा तेज है, जिसे गठबंधन के भीतर सहमति भी मिलती दिख रही है।
31 मंत्री लेंगे शपथ, 5 पद रहेंगे खाली
सूत्र बताते हैं कि इस बार कुल 31 मंत्री शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल में जेडीयू और बीजेपी को बराबर-बराबर 13-13 पद दिए जा रहे हैं। वहीं चिराग पासवान की एलजेपी (आर), जीतनराम मांझी की हम और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम को क्रमशः 3, 1 और 1 मंत्री पद मिलने की संभावना है। हालांकि बिहार में अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन इस बार 5 पद जानबूझकर खाली रखे जा रहे हैं, जिन्हें भविष्य में राजनीतिक परिस्थितियों के हिसाब से भरा जाएगा।
वहीं बताया जा रहा है कि, बीजेपी के दमदार प्रदर्शन के बाद पार्टी को दो उपमुख्यमंत्री देने पर लगभग सहमति बन चुकी है। यह फॉर्मूला यूपी मॉडल जैसा बताया जा रहा है, जहां अलग-अलग क्षेत्रों और सामाजिक समूहों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने पर जोर रहता है। गठबंधन का उद्देश्य संगठन और सरकार, दोनों में संतुलन बनाए रखना है।

6 विधायकों पर एक मंत्री का गणित
दरअसल बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में इस बार 6 विधायकों पर एक मंत्री का समीकरण लागू किया गया है। बीजेपी ने 89 सीटों पर जीत हासिल की है, जेडीयू को 85 सीटें मिली हैं, जबकि एलजेपी (आर), हम और आरएलएम ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन किया है। इसी आधार पर मंत्रियों की संख्या तय की गई है।
वहीं नई सरकार में विधानसभा के स्पीकर का पद बीजेपी कोटे में जाने की संभावना है। यह फैसला बीजेपी की बढ़ी ताकत और गठबंधन के भीतर उसकी केंद्रीय भूमिका को देखते हुए लिया जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे विधानसभा संचालन पर पार्टी की पकड़ मजबूत होगी।
बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक आज
वहीं आज (17 नवंबर) सुबह 11 बजे पटना में बीजेपी विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इसमें संभावित मंत्रियों की सूची पर अंतिम निर्णय होगा और दो डिप्टी सीएम के नाम भी तय किए जा सकते हैं। खबर यह भी है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस बैठक में मौजूद रह सकते हैं।
दरअसल बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को जोरदार जीत मिली है। बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि जेडीयू ने 85 सीटों के साथ मजबूत वापसी की है। एलजेपी (आर) को 19, हम को 5 और आरएलएम को 4 सीटें मिली हैं, जिसने गठबंधन को और मजबूती दी है। ऐसे में नई सरकार का गठन अब सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया है और जल्द ही मंत्रिमंडल के नामों की आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।
Also Read: दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: 49 लाख रुपये ठगने वाले 6 जालसाज लखनऊ से दबोचे गए

