UP Politics: ‘खेसारी जैसा हश्र अखिलेश का होगा’, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के बयान से बढ़ी राजनीतिक हलचल
अखिलेश यादव पर हमला— “बिहार में खेसारी का जो हश्र हुआ, यूपी में अखिलेश का भी वही होगा”
Sandesh Wahak Digital Desk: भाजपा के पूर्व सांसद और भोजपुरी स्टार दिनेशलाल यादव ‘निरहुआ’ ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासवादी नीतियों का नतीजा बताया।
आजमगढ़ में भंवरनाथ मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने विपक्ष पर करारा हमला बोला और कहा कि चुनाव हारते ही ईवीएम पर सवाल उठाना विपक्ष की आदत बन गई है।

“अगर ईवीएम हैक होती तो मैं आजमगढ़ कैसे हार जाता?”
निरहुआ ने कहा कि बिहार में एनडीए की जीत साफ दर्शाती है कि जनता ने विकास, सुशासन और स्थिरता को चुना।
उन्होंने कहा, “विपक्ष हारते ही ईवीएम हैक होने का आरोप लगाता है। यदि ईवीएम हैक होती तो आजमगढ़ से मैं क्यों हार जाता? ये सिर्फ बहाने हैं।”
अखिलेश यादव पर सीधा वार
निरहुआ ने यूपी की राजनीति पर भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि जैसा हाल बिहार में खेसारी लाल यादव का हुआ, वैसा ही यूपी में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से खेसारी ने बिहार चुनाव में राम मंदिर पर टिप्पणी की थी, उसी तरह अखिलेश यादव भी मंदिर और सनातन धर्म पर टिप्पणी करते हैं, जिसे जनता पसंद नहीं करती।
पूर्व सांसद ने आजमगढ़ के विकास को लेकर कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि आजमगढ़ से दिल्ली के लिए जल्द ही एक नई ट्रेन शुरू होने वाली है, जिसके लिए रेल मंत्रालय से बातचीत चल रही है।
साथ ही, वाराणसी से गोरखपुर मार्ग को आजमगढ़ होकर जोड़ने वाली रेल लाइन और रिंग रोड प्रोजेक्ट पर भी तेजी से काम आगे बढ़ रहा है।
लालू परिवार पर टिप्पणी
निरहुआ ने लालू प्रसाद यादव के परिवार में चल रहे विवाद पर कहा कि रोहिणी आचार्य का घर छोड़ना दुखद है। उन्होंने कहा कि परिवार से बड़ा कुछ नहीं होता और जब परिवार ही साथ न हो तो राजनीति का महत्व कम हो जाता है।
“खेसारी लाल यादव सेवा करें, राजनीति में जीत-हार लगी रहती है”
निरहुआ ने कहा कि खेसारी अब राजनीति में आ गए हैं तो उन्हें जनता की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता गुंडाराज नहीं चाहती थी और चुनाव से पहले ही राजद कार्यकर्ताओं की हरकतों से जनता नाराज़ हो गई थी।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह, रामपाल सिंह, बलवंत यादव और मृगांक सिन्हा सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
Also Read: Badaun News: साईं मंदिर के पुजारी की गला दबाकर हत्या, चांदी के मुकुट और नकदी ले गए बदमाश

