Lucknow News: बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को 10 कि० मी० तक घसीटा

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार दोपहर शहीद पथ पर एक खौफनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने यातायात पुलिस की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वाहन चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो के चालक ने न सिर्फ पुलिसकर्मी के आदेश की अवहेलना की बल्कि उसे गाड़ी में फंसा कर लगभग 10 किलोमीटर तक दौड़ाता रहा।

अचानक झटका देकर भागा चालक

दरअसल ये घटना सरोजनी नगर थाना क्षेत्र के शहीद पथ मोड़ की है, जहां टीएसआई अजय कुमार अवस्थी के नेतृत्व में आरक्षी रंजीत कुमार यादव वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी कानपुर-लखनऊ हाईवे से आती एक काली स्कॉर्पियो बिना नंबर प्लेट के शहीद पथ तिराहे पर रुकी और सवारियाँ बैठाने लगी। जिसपर पुलिसकर्मी रंजीत ने चालक से गाड़ी साइड में लगाने और कागजात दिखाने को कहा।

चालक ने पहले तो गाड़ी रोकी, मगर जैसे ही रंजीत ड्राइविंग सीट की ओर बढ़े, स्कॉर्पियो अचानक तेज झटके के साथ आगे बढ़ गई। इस दौरान रंजीत का हाथ दरवाज़े में फंस गया और वह गाड़ी के साथ-साथ घिसटते हुए दौड़ने पर मजबूर हो गए। खतरे के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

10 किलोमीटर तक घसीटा

जिसके बाद स्कॉर्पियो चालक ने अपनी रफ्तार और बढ़ा दी। स्कॉर्पियो करीब 10 किलोमीटर तक पुलिसकर्मी को घसीटते हुए भागती रही। मौके को भांपते हुए आरक्षी रंजीत ने एक हाथ से खुद को संभाला और दूसरे हाथ से वॉकी-टॉकी पर सूचना देकर अधिकारियों को सतर्क कर दिया। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और पूरे इलाके में नाकाबंदी करा दी गई।

जिसके बाद कड़ी घेराबंदी के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोका और आरोपी चालक कृष्ण कुमार गोस्वामी, निवासी भगवंतपुर (उन्नाव), को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर कोई भी वैध कागजात नहीं मिले। जिसके बाद आरक्षी रंजीत की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धारा 353, 332, 279, 427 सहित मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए यातायात उपनिरीक्षक अजय कुमार अवस्थी ने बताया कि, आरोपी ने न सिर्फ नियमों का उल्लंघन किया बल्कि पुलिसकर्मी की जान भी जोखिम में डाल दी। यह बेहद गंभीर मामला है और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Also Read: गुजरात में चलती एम्बुलेंस में लगी आग, डॉक्टर-नर्स समेत चार की दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.