मतदाता पुनरीक्षण में लापरवाही: बाराबंकी DM का बड़ा एक्शन, 3 BLO निलंबित और 82 शिक्षकों का वेतन रोका
Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (SIR) में शुरुआती दौर से ही बरती जा रही गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सख्त कार्रवाई की है। समय पर गणना प्रपत्र वितरित न करने और ड्यूटी में रुचि न लेने के आरोप में तीन बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को निलंबित कर दिया गया है, जबकि 82 अन्य शिक्षकों व अनुदेशकों का वेतन रोक दिया गया है।
लापरवाही और निलंबन
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने समीक्षा के दौरान पाया कि निर्वाचन कार्य में घोर शिथिलता बरती जा रही है, जिसके कारण बीएलओ को समय पर प्रशिक्षण नहीं दिया गया और मतदाता गणना प्रपत्र का वितरण भी बाधित रहा। जिलाधिकारी के आदेश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) संतोष देव पांडेय ने तीन सहायक अध्यापकों को निलंबित किया।
- सीमा वर्मा (सहायक अध्यापक, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बड़गांव मसौली)
- देवाशीष (शिक्षक, कंपोजिट विद्यालय कमियार पूरेडलई)
- अनीता रावत (सहायक अध्यापक, बघौरा मसौली)
इसके अलावा, 20 शिक्षामित्रों, 44 सहायक अध्यापकों और 18 अनुदेशकों (कुल 82) का वेतन भी बाधित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य एक राष्ट्रीय दायित्व है, और इसकी अवहेलना करने वाले अधिकारियों पर भी विभागीय कार्रवाई की तलवार लटक रही है। उन्होंने पात्र नागरिकों से समय से गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की।
देवा में डुप्लीकेट मतदाताओं पर कार्रवाई
इसी क्रम में, आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के तहत डुप्लीकेट मतदाताओं को हटाने का काम भी जोरों पर है। देवा ब्लॉक क्षेत्र में चुनाव आयोग ने 31 हजार संभावित डुप्लीकेट मतदाता चिह्नित किए हैं, जिनके नाम एक से ज्यादा पंचायतों की सूची में दर्ज हैं। बीडीओ डॉ. नेहा शर्मा ने बताया कि इन मतदाताओं का घर-घर सत्यापन कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया चल रही है। ब्लॉक में 15 कंप्यूटर ऑपरेटर इस काम में लगे हैं, और अब तक 20 हजार मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है।

