Lucknow News: राजभवन की स्केटिंग रिंग अब मौसम से आजाद, बच्चों के लिए बनेगा शेड
Lucknow News: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को राजभवन परिसर में स्थित स्केटिंग रिंग पर एक नए शेड (छत) के निर्माण का शिलान्यास किया। यह निर्माण कार्य नगर निगम लखनऊ द्वारा 56.47 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा और इसे पूरा होने में दो महीने का समय लगेगा।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह शेड बच्चों को गर्मी और सर्दी से बचाएगा और उन्हें साल के बारह महीने आराम से स्केटिंग का अभ्यास करने का मौका देगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब सिर्फ राजभवन के बच्चे ही नहीं, बल्कि अन्य स्कूलों के बच्चे भी इस स्केटिंग रिंग का इस्तेमाल कर सकेंगे। साथ ही, उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने पर जोर दिया।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
राज्यपाल ने इस दौरान बच्चों की शिक्षा और सेहत से जुड़े कई अहम निर्देश भी दिए। बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए एसबीआई बैंक की मदद से स्कूल बस की व्यवस्था की गई है। शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे अभिभावकों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें। बच्चों को अनावश्यक कार्यक्रमों में बैठने से बचाया जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन एक स्वतंत्र तीसरे पक्ष द्वारा कराया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। राज्यपाल ने खुद भी कॉपियाँ जाँचने की बात कही। बच्चों को मेहनत, नियमित पढ़ाई और पौष्टिक भोजन को चबा-चबाकर खाने की सलाह दी गई। राजभवन के स्कूल के बच्चों को प्रतिदिन महात्मा गांधी की आत्मकथा पढ़ने के निर्देश दिए गए।

बच्चों का सर्वांगीण विकास है लक्ष्य
राज्यपाल ने कहा कि राजभवन के बच्चों को समय-समय पर बाहर घुमाने ले जाया जाए, ताकि उनमें व्यवहारिक ज्ञान और बाहरी दुनिया के साथ तालमेल बैठाने की क्षमता विकसित हो सके। साथ ही, जल्द ही राजभवन में 3 से 6 साल के बच्चों के लिए एक आंगनबाड़ी केंद्र भी शुरू किया जाएगा।
महापौर ने व्यक्त किए आभार
इस कार्यक्रम में मौजूद लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने राज्यपाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से राजभवन के संसाधन अब आम जनता और बच्चों के लिए सुलभ हो रहे हैं। उन्होंने विश्व शौचालय दिवस पर नागरिकों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला आरक्षण बिल पारित कराने को एक ऐतिहासिक पहल बताया। इस अवसर पर राजभवन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, बच्चे और उनके अभिभावक भी मौजूद रहे।
Also Read: Lucknow News: ठंड से राहत और किसानों के भुगतान को लेकर मंडलायुक्त ने जारी किए अहम निर्देश

