कुशीनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन से कार टकराई, दो युवकों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिले की सीमा से लगे रामपुर बुजुर्ग में फोरलेन पर मंगलवार देर रात करीब 3 बजे एक दर्दनाक मार्ग दुर्घटना हुई। गोरखपुर की तरफ जा रही एक कार सड़क पर खड़े अज्ञात वाहन के पीछे से ज़ोरदार तरीके से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हताहतों का विवरण
घटना में कार सवार पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गोरखपुर जिले के एम्स थाना क्षेत्र की सोनबरसा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी सुकरौली देवतहां भिजवाया।
चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद कार सवार दो युवकों नीलेश गौड़ (22) पुत्र उदयभान गौड़ और अमन गौड़ (24) पुत्र गब्बू गौड़ को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन युवकों दिलीप जायसवाल (24), अंकित जायसवाल (22), और सिद्धार्थ निषाद (20) को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। सभी युवक हाटा कोतवाली क्षेत्र के सकरौली के निवासी थे।
यात्रा का कारण और दुर्घटना का संभावित कारण
यह सभी युवक मंगलवार की रात कार से गोरखपुर जा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, ये सभी युवक अपने मित्र के जन्मदिन समारोह से होकर मृतक अमन गौड़ को गोरखपुर छोड़ने जा रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में रामपुर बुजुर्ग में पशु तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस पिकेट लगा था, जिसके कारण फोरलेन पर जाम लगा हुआ था और कई वाहन खड़े थे। कार की गति तेज होने के कारण चालक समय पर कुछ समझ नहीं पाया और उनकी कार सड़क पर खड़ी किसी बड़ी गाड़ी में पीछे से टकरा गई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

