Greater Noida News: निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढही, 4 मजदूरों की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

Greater Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिसूचित क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला हुकुम सिंह गाँव में अवैध रूप से बन रही एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।

यह घटना बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई। मिली जानकारी के अनुसार, जब तीसरी मंजिल के लेंटर की शटरिंग खोली जा रही थी, तभी लेंटर गिर गया और देखते ही देखते नीचे की दोनों मंजिलें भी ढह गईं। निर्माण कार्य के दौरान वहाँ मौजूद करीब 10 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में जीशान (22), शाकिर (24), कालू उर्फ कामिल (28) और नदीम (22) की दुखद मौत हो गई।

तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाँच मजदूरों को मामूली चोटें आईं, जिनकी जानकारी पुलिस जुटा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रबूपुरा पुलिस और NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीमें मौके पर पहुँचीं। रात भर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में दबे सभी मजदूरों को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस के लिए एक चुनौती बना रहा।

अवैध निर्माण पर प्रशासन सख्त

रबूपुरा कोतवाली प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि यह पूरा क्षेत्र नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिसूचित क्षेत्र में आता है, जहाँ प्रशासन की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का नया निर्माण अवैध और गैरकानूनी है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है, और अवैध निर्माण तथा निर्माण में लापरवाही बरतने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: UP News: घोसी विधायक सुधाकर सिंह का निधन, समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.