IPL 2026 Auction: संकट में इन 5 खिलाड़ियों का करियर! रिलीज के बाद नई टीम मिलना हुआ मुश्किल
Sandesh Wahak Digital Desk: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के लिए 16 दिसंबर को अबू धाबी में मेगा ऑक्शन आयोजित होगा। सभी फ्रेंचाइजियों ने अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी कर दी है और अब शेष स्लॉट्स को भरने के लिए टीमें नए खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी।
लेकिन इस बार कुछ दिग्गज ऐसे भी हैं जिन्हें रिलीज तो कर दिया गया है, पर उनके करियर पर अब बड़ा प्रश्नचिह्न लग गया है। इन 5 खिलाड़ियों का IPL करियर लगभग खत्म माना जा रहा है—क्योंकि उन पर किसी टीम के दांव लगाने की संभावनाएं बेहद कम दिख रही हैं।
1. फाफ डू प्लेसिस – उम्र ने खड़ी की सबसे बड़ी बाधा

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान और आईपीएल के अनुभवी बल्लेबाज फाफ डू प्लेसिस अब 41 वर्ष के हो चुके हैं। पिछले सीजन वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले थे, जिसने उन्हें ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया।
फाफ ने 2012 में CSK से डेब्यू किया था और 4 टीमों के लिए कुल 154 मैच खेलते हुए 4773 रन बनाए और 39 अर्धशतक जड़े। उनकी उम्र को देखते हुए किसी टीम का भविष्य की योजना में उन्हें शामिल करना बेहद मुश्किल माना जा रहा है।
2. मनीष पांडेय – लगातार खराब फॉर्म बना बड़ा कारण

कोलकाता नाइट राइडर्स ने अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडेय को रिलीज कर दिया है। पांडेय पिछले दो सीजन से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। IPL 2025 में उन्होंने सिर्फ 3 मैचों में 92 रन बनाए, जबकि 2024 में केवल एक मैच खेला था।
174 मैचों में 3942 रन बनाने वाले मनीष के अनुभव पर कोई सवाल नहीं, लेकिन हालिया प्रदर्शन को देखते हुए टीमों का भरोसा टूटता दिख रहा है।
3. कर्ण शर्मा – 38 की उम्र में टीम ढूंढना मुश्किल

मुंबई इंडियंस ने जिस 8 खिलाड़ियों को रिलीज किया, उनमें 38 वर्षीय कर्ण शर्मा भी शामिल हैं। पिछले सीजन में उन्होंने केवल 6 मैच ही खेले।
2009 से IPL का हिस्सा रहे कर्ण 4 टीमों के लिए खेल चुके हैं और 83 विकेट ले चुके हैं। उम्र और प्रदर्शन दोनों को देखते हुए IPL 2026 में उनके लिए नई टीम मिलना बेहद कठिन माना जा रहा है।
4. मोहित शर्मा – इकॉनमी की मार पड़ी भारी

मोहित शर्मा को दिल्ली कैपिटल्स ने ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया है। मोहित ने 2025 में केवल 8 मैच खेले और 10.28 की खराब इकॉनमी के साथ सिर्फ 2 विकेट हासिल किए।
2013 से IPL में सक्रिय मोहित चार टीमों के लिए 120 मैच खेलकर 134 विकेट ले चुके हैं, लेकिन पिछले सीजन के प्रदर्शन को देखते हुए इस बार किसी फ्रेंचाइज़ी का उन पर दांव लगाना कठिन लग रहा है।
5. मोईन अली – बल्ले और गेंद दोनों से फ्लॉप

इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली को KKR ने पिछले साल 2 करोड़ में खरीदा था, लेकिन उनका प्रदर्शन बेहद फीका रहा। 6 मैचों में वह सिर्फ 5 रन ही बना पाए। गेंद से 6 विकेट तो मिले, लेकिन प्रभाव कम रहा।
2018 से IPL खेल रहे मोईन ने 73 मैचों में 1167 रन और 6 अर्धशतक बनाए हैं। हालिया फॉर्म को देखते हुए उन्हें भी ऑक्शन में तवज्जो मिलना मुश्किल दिख रहा है।
Also Read: U-19 वर्ल्ड कप का वेटिंग वाला शेड्यूल जारी, भारत-पाकिस्तान लीग में नहीं होंगे आमने-सामने

