Agra News: अब व्हाट्सएप पर मिलेगा जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र, गजब की है ये स्कीम
Agra News: जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए नगर निगम के चक्कर लगाना, लंबी कतारों में खड़ा होना और काम अटकने की झंझट, ये सब अब अतीत की बात हो गई है। आगरा नगर निगम ने डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र व्हाट्सएप के जरिए जारी करने की शुरुआत कर दी है। अब आगरा के लोगों को किसी दफ्तर में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, सर्टिफिकेट सीधे घर बैठे मोबाइल पर मिल जाएगा।
डिजिटल सुविधा में आगरा बना नंबर-1
यहां नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि आगरा नगर निगम उत्तर प्रदेश का पहला निकाय बन गया है, जो दोनों सर्टिफिकेट सीधे व्हाट्सएप पर भेज रहा है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद अब आवेदन तो ऑनलाइन होगा ही, साथ ही सर्टिफिकेट भी डिजिटल फॉर्मेट में सीधे व्हाट्सएप पर पहुंच जाएगा।
दरअसल पहले ऑनलाइन आवेदन करने के बाद भी लोगों को प्रमाणपत्र लेने के लिए नगर निगम के चक्कर काटने पड़ते थे। कई बार दस्तावेज़ जांच या सिस्टम की दिक्कत से लोग घंटों लाइन में फंसे रहते थे। यह नई व्यवस्था इस मुश्किल को पूरी तरह खत्म कर देगी।
आईटी ऑफिसर गौरव सिन्हा के अनुसार, अब न तो एसएमएस का इंतजार रहेगा और न ही पोर्टल पर लॉगिन कर बार-बार स्टेटस चेक करने की जरूरत। प्रमाणपत्र स्वीकृत होते ही PDF फॉर्मेट में ऑटोमेटिक व्हाट्सएप पर भेज दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इसे मोबाइल से सीधे डाउनलोड और प्रिंट भी किया जा सकेगा।
कैसे मिलेगा ऑनलाइन सर्टिफिकेट?
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए नागरिकों को केवल ये सरल स्टेप्स फॉलो करने होंगे…
1- आगरा नगर निगम की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं।
2- अपना मोबाइल नंबर डालकर OTP से लॉगिन करें।
3- जन्म या मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़ी आवश्यक जानकारी भरें- नाम, लिंग, जन्म/मृत्यु तिथि, स्थान, माता-पिता या परिजन का नाम, आधार नंबर और पता आदि।
4- आवेदन सबमिट करते ही Application ID मिल जाएगी।
5- स्वीकृति के बाद सर्टिफिकेट सीधे व्हाट्सएप पर पहुंच जाएगा।
बुजुर्गों और दूरदराज के लोगों को बड़ी राहत
अधिकारियों का दावा है कि यह कदम हर महीने हजारों लोगों का समय और पैसा बचाएगा। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और उन नागरिकों को सबसे बड़ा लाभ मिलेगा जो दूरदराज के इलाकों से शहर तक आते थे। डिजिटल सुविधा से नगर निगम की भी भीड़ कम होगी और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।
आगरा नगर निगम की यह पहल न केवल नागरिकों के लिए सुविधाजनक है, बल्कि डिजिटल भारत की दिशा में एक बड़े परिवर्तन की मिसाल भी है। व्हाट्सएप पर मिलने वाली यह सुविधा आने वाले समय में पूरे प्रदेश के लिए मॉडल बन सकती है।

