‘मैं इसकी हत्या कर दूंगी’, VIP इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल ने छात्रा को दी खुली धमकी, नोटिस जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद हापुड़ के पिलखुवा स्थित वीआईपी इंटर कॉलेज से गुरु-शिष्या के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें स्कूल की प्रिंसिपल वीना शर्मा एक छात्रा को उसके माता-पिता के सामने ही जान से मारने की खुली धमकी देती हुई दिख रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है।
विवाद और धमकी का घटनाक्रम
दिल्ली रोड स्थित मोहल्ला अर्जुन नगर की कक्षा 9 की छात्रा प्रज्ञा तौमर के पिता देवेंद्र सिंह तौमर का आरोप है कि बीते दिन छुट्टी के समय प्रिंसिपल वीना शर्मा ने प्रज्ञा को पीछे चोटी के बालों से पकड़ा, खींचा और उसके मुंह पर चांटे मारे तथा अभद्र व्यवहार किया।
जब प्रज्ञा ने घर जाकर यह बात बताई, तो उसके अभिभावक शिकायत करने विद्यालय पहुंचे। अभिभावकों से बात करने के दौरान प्रिंसिपल वीना शर्मा इतने आवेश में आ गईं कि उन्होंने सन्न खड़े अभिभावकों के सामने ही छात्रा को धमकी देते हुए कहा, “यदि ये मुझसे बदतमीजी करेगी, या मेरा हाथ पकड़ेगी, तो मैं इसकी हत्या कर दूंगी!”
प्रिंसिपल की यह धमकी मोबाइल के कैमरे में कैद हो गई और यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद छात्रा प्रज्ञा काफी डरी हुई है।
डीआईओएस ने लिया संज्ञान, कार्रवाई की चेतावनी
वीडियो वायरल होने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) श्वेता पूठिया ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है। श्वेता पूठिया ने कहा कि प्रिंसिपल द्वारा अशोभनीय शब्दों का प्रयोग ‘शिक्षा के क्षेत्र में तो कतई क्षम्य नहीं है।’ इसके साथ ही प्रिंसिपल वीना शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। डीआईओएस ने चेतावनी दी है कि यदि उनका उत्तर संतोषजनक नहीं मिलता है, तो प्रधानाचार्य के पद से हटाने के लिए प्रबंधक को पत्र लिख दिया जाएगा।
Also Read: मशहूर सिंगर हरमन सिद्धू की सड़क हादसे में मौत, पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री को लगा झटका

