कैंसर का खतरा कम करने के लिए अपनाएं ये 6 आदतें, गजब के हैं रिजल्ट

Sandesh Wahak Digital Desk: कैंसर (Cancer) का नाम सुनते ही ज्यादातर लोग डर जाते हैं। पिछले कुछ सालों में इस बीमारी के तेजी से बढ़ते मामलों ने लोगों के मन में और चिंता पैदा कर दी है। ऐसे में अगर आप भी इस गंभीर बीमारी से बचाव करना चाहते हैं, तो कुछ आसान आदतें आपकी हेल्थ को काफी हद तक सुरक्षित कर सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर इन टिप्स को रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल कर लिया जाए, तो कैंसर के खतरे को कम करने के साथ-साथ ओवरऑल हेल्थ में भी सुधार होगा।

मेडिटेशन, मन और शरीर दोनों के लिए फायदेमंद

कैंसर हीलर सेंटर के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉक्टर तरंग कृष्णा के अनुसार, रोजाना मेडिटेशन करना बेहद जरूरी है। मेडिटेशन आपके दिमाग को शांत रखने के साथ-साथ शरीर को भी संतुलित रखता है। इससे मेंटल स्ट्रेस कम होता है और शरीर के कई महत्वपूर्ण सिस्टम बेहतर तरीके से काम करने लगते हैं।

इम्यूनिटी को मजबूत बनाती है एक्सरसाइज

रोजाना एक्सरसाइज करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है जिससे शरीर बीमारियों से लड़ने में सक्षम बनता है। अगर आप जिम नहीं जा पाते, तो योग को अपनी जीवनशैली में शामिल कर सकते हैं। प्राणायाम, अनुलोम-विलोम और ब्रिस्क वॉक जैसे अभ्यास शरीर को हेल्दी बनाए रखने में काफी कारगर साबित होते हैं।

खाने की आदतों में लाएं सुधार

कैंसर के खतरे को कम करने में भोजन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विशेषज्ञों की मानें तो साफ, हेल्दी और प्रेफरेबली वेजिटेरियन फूड का सेवन करना चाहिए। अगर आप नॉनवेज खाते हैं, तो रेड मीट से परहेज कर चिकन, फिश और वाइट एग को डाइट में शामिल करना बेहतर होता है। संतुलित और स्वच्छ आहार शरीर को बीमारियों से बचाने में मदद करता है।

साउंड स्लीप, नींद पूरी होगी तो फिट रहेगा शरीर

रात में समय पर सोना और 6 से 8 घंटे की साउंड स्लीप लेना हेल्थ के लिए बेहद जरूरी है। अगर आप रात 10 बजे सोने की आदत डाल लेते हैं, तो शरीर को आराम मिलता है और सेल रिपेयरिंग प्रक्रिया बेहतर होती है, जिससे कई प्रकार की बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।

तनाव रहित जीवन भी है जरूरी

अगर आप टॉक्सिक रिलेशनशिप में हैं, तो इसका असर आपके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। रिश्तों में संतुलन, प्यार और समझदारी आपको मानसिक राहत देती है, जो हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद करती है।

खुशी से बढ़ता है स्वास्थ्य

आपको जो भी चीज खुशी देती है, उसे अपनी जिंदगी में जरूर शामिल करें। खुशी और पॉजिटिविटी से शरीर में ऊर्जा बनी रहती है, हेल्थ बेहतर होती है और बीमारियों का खतरा कम हो सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अगर इन 6 टिप्स को रोजमर्रा की जिंदगी में अपनाया जाए, तो कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। ये सरल आदतें न केवल शरीर को सुरक्षित रखती हैं, बल्कि मानसिक शांति और खुशहाल जीवन की ओर भी ले जाती हैं।

 

Also Read: SIR पर गरमाई यूपी की राजनीति, केशव मौर्य बोले- शोर मचाने वालों के मन में चोर है, विपक्ष के आरोपों का किया खंडन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.