धर्मेंद्र के जाने पर टूटे बॉलीवुड सितारे, हेमा मालिनी और ईशा देओल का वीडियो कर रहा भावुक
Sandesh Wahak Digital Desk: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बेटे सनी देओल ने उन्हें मुखाग्नि दी। ही-मैन को अंतिम विदाई देने फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे श्मशान घाट पहुंचे। इसी दौरान अभिनेत्री हेमा मालिनी का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के बाद बेटी ईशा देओल के साथ बाहर निकलती नजर आईं। कैमरों को देखते ही हेमा मालिनी ने हाथ जोड़ लिए। उनका यह भावुक पल फैंस के दिलों को छू गया और सोशल मीडिया पर लोग भारी मन से संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
ईशा देओल बनीं मां की ताकत
हेमा मालिनी और ईशा देओल एक साथ श्मशान घाट पहुंचीं और साथ ही बाहर निकलीं। ईशा सफेद सूट में थीं और पूरे समय अपने चेहरे को दुपट्टे से ढके रहीं। वहीं हेमा मालिनी के चेहरे पर धर्मेंद्र को खोने का दर्द साफ दिख रहा था। इस दुखभरे वीडियो ने फैंस को भी भावुक कर दिया और लोग कमेंट कर दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
#HemaMalini at the last rites of #Dharmendra pic.twitter.com/Z8eUDtiqCo
— BollyHungama (@Bollyhungama) November 24, 2025
अंतिम दर्शन के लिए उमड़े सितारे
गौरतलब हो कि, धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से बीमार थे और इस महीने की शुरुआत में उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद हल्का सुधार होने पर उन्हें घर ले जाया गया ताकि परिवार के बीच रहकर इलाज हो सके। घर पर पूरी मेडिकल व्यवस्था की गई थी, लेकिन हालत सुधरने के बजाय बिगड़ती गई और अंततः आज उन्होंने अंतिम सांस ली।
धर्मेंद्र के निधन की खबर फैलते ही अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान, अक्षय कुमार सहित कई सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। पूरे फिल्म जगत ने एक सच्चे सुपरस्टार को भावुक विदाई दी।
यादों में रह गई धर्मेंद्र और हेमा की प्रेम कहानी
धर्मेंद्र के जाने से जहां सिनेमा जगत शोक में डूबा है, वहीं उनकी और हेमा मालिनी की प्रेम कहानी भी आज फिर याद की जा रही है। दोनों का रिश्ता किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। परिवार सहित कई रुकावटों ने इस रिश्ते को मुश्किल बनाया, खासकर हेमा मालिनी के माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे। लेकिन धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने हार नहीं मानी और अपने प्यार को मुकाम दिया। आज ही-मैन के जाने के बाद यह प्रेम कहानी फिर से चर्चा में है, जो उनके पीछे छोड़ी गई यादों की तरह हमेशा कही-सुनी जाती रहेगी।
Also Read: AIIMS में निकली सीनियर रेजिडेंट की 172 भर्तियां, 15 दिसंबर तक ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

