‘पूरे भारत में बीजेपी की नींव हिला दूंगी’, SIR विरोधी रैली में भड़कीं ममता बनर्जी

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने मंगलवार को नॉर्थ 24 परगना जिले के मतुआ समुदाय बहुल बनगांव में एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमला बोला।

चुनाव आयोग और SIR पर गंभीर आरोप

सीएम ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर BJP और केंद्र पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चुनाव आयोग (ECI) की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि “आयोग का काम निष्पक्ष रहना है, बीजेपी कमीशन बनना नहीं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि BJP अपने दफ्तर में बैठकर वोटर लिस्ट फिक्स कर रही है और SIR के नाम पर बंगाल के लोगों को डराया जा रहा है। उन्होंने मतुआ समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी असली वोटर हैं। “अगर आप (वोटर) अवैध हैं, तो 2024 में आपने जिस सरकार को वोट दिया था, वह भी अवैध है।”

‘पूरे भारत में नींव हिला दूंगी’

सीएम ममता ने दावा किया कि SIR की यह पूरी कवायद राजनीतिक मकसद से की जा रही है। उन्होंने बीजेपी को सीधी चुनौती दी। “बीजेपी मेरे खेल में मुझसे लड़ नहीं सकती, मुझे हरा नहीं सकती। अगर BJP ने बंगाल में मुझ पर हमला करने की कोशिश की, तो मैं पूरे भारत में उसकी नींव हिला दूंगी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि BJP ने साजिश करके हेलीकॉप्टर की उड़ान रोकी, ताकि वह रैली में न पहुंच सकें। उन्होंने बीजेपी को पैसे बांटकर वोट खरीदने की कोशिश न करने की भी चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने CAA को लेकर हमला बोलते हुए मतुआ समुदाय को सावधान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही बीजेपी इसे मुद्दा बनाती है और धर्म के आधार पर फॉर्म बांटती है।

उन्होंने लोगों से कहा कि “जब आप CAA के लिए आवेदन करेंगे और खुद लिखेंगे कि आप बांग्लादेशी नागरिक हैं और अब भारतीय बनना चाहते हैं, तो इसका मतलब आपने खुद ही खुद को विदेशी साबित कर दिया।” उन्होंने लोगों से अपनी समझ का इस्तेमाल करने और सोशल मीडिया के आधार पर भविष्य तय न करने की अपील की।

Also Read: अयोध्या में PM मोदी ने फहराया धर्मध्वज; सपा अध्यक्ष बोले- ‘संकल्प पूरा होते ही परिवार संग करूंगा दर्शन’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.