UP: शादी से एक दिन पहले लेखपाल ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार ने कानूनगो पर लगाया गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: फतेहपुर जिले में एक अत्यंत दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां शादी से ठीक एक दिन पहले लेखपाल सुधीर कुमार कोरी (25) ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद खुशियों से भरे घर में मातम पसर गया है। परिवार ने शव उठाने से इनकार कर दिया है और संबंधित कानूनगो पर अत्यधिक काम का दबाव डालने का आरोप लगाते हुए एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

शादी की तैयारी के बीच दुखद घटना

25 वर्षीय सुधीर कुमार कोरी बिंदकी तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात थे। इस समय उनकी ड्यूटी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगी थी। सुधीर की शादी छह महीने पहले तय हुई थी और बुधवार को उनकी बारात सीतापुर गाँव जानी थी। घर में रिश्तेदारों की मौजूदगी के साथ शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं।

कानूनगो पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप

मृतक के परिवार ने क्षेत्रीय कानूनगो पर लगातार काम का दबाव बनाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक की बहन अमृता उर्फ रोशनी के अनुसार, शादी के कारण छुट्टी मांगी गई थी, लेकिन छुट्टी नहीं दी गई। कानूनगो ने ड्यूटी पर न आने पर निलंबन की धमकी दी थी। अमृता ने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह भी कानूनगो घर आए और सुधीर को कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद सुधीर कमरे में गए, दरवाजा बंद कर लिया और कुछ देर बाद खिड़की से झाँकने पर उन्हें फांसी पर लटका पाया गया। मौसेरे भाई कृष्णदत्त ने भी कानूनगो द्वारा सुबह घर आकर काम कराने का दबाव डालने की बात की पुष्टि की।

एफआईआर की मांग पर अड़े परिजन

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम, पुलिस और जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजन लगातार कानूनगो और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं और उनका कहना है कि जब तक मामला दर्ज नहीं होगा, वे शव नहीं उठने देंगे। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद है और परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहा है।

Also Read: सिद्धार्थनगर: DM ने किया पर्यटन विकास भवन का निरीक्षण, अधिकारियों के दिए निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.