ट्रक-स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौके पर मौत, 3 की हालत गंभीर
Sandesh Wahak Digital Desk: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के सुकली गाँव के पास मंगलवार देर रात एनएच-49 पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच हुई इस भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा इतना भयानक था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। अंदर फँसे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
बारात से लौट रहे थे नवागढ़ के निवासी
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी आठ लोग नवागढ़ के शांति नगर के रहने वाले थे और एक बारात से शामिल होकर नवागढ़ वापस लौट रहे थे। जैसे ही स्कॉर्पियो सुकली गाँव के पास पहुँची, सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्कॉर्पियो कुछ मीटर तक घसीटती चली गई।
प्राथमिक अनुमान है कि तेज रफ्तार और रात का समय इस दर्दनाक हादसे की बड़ी वजह हो सकते हैं। पुलिस फिलहाल ट्रक ड्राइवर की भूमिका और घटना के सटीक कारणों की जाँच कर रही है। स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा। डॉक्टरों के अनुसार, तीनों घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान विश्वनाथ देवागन (43 वर्ष), राजेंद्र कश्यप (27 वर्ष), पोमेश्वर जलतारे (33 वर्ष), भूपेंद्र साहू (40 वर्ष) और कमलनयन साहू (22 वर्ष) के रूप में हुई है। यह घटना पूरे इलाके के लिए बेहद दुखद है। जिस खुशी के माहौल से लोग बारात से लौट रहे थे, उसी सफर में हुए इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियाँ छीन ली हैं, जिससे गाँव में मातम पसरा हुआ है।

