अयोध्या में सियासी विवाद: अवधेश प्रसाद बोले- दलित होने के कारण ध्वजारोहण में नहीं मिला निमंत्रण

Sandesh Wahak Digital Desk: अयोध्या से नवनिर्वाचित सांसद और समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अवधेश प्रसाद ने राम मंदिर परिसर में हुए ध्वजारोहण समारोह में निमंत्रण न मिलने पर बुधवार को गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वह दलित समाज से आते हैं, और शायद यही कारण है कि उन्हें इस कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने इस घटना को भाजपा की ‘निम्न सोच’ का परिचायक बताया।

सांसद का दावा: ‘दलित होने के कारण बुलाया नहीं गया’

सांसद अवधेश प्रसाद ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने 24 नवंबर को रात 12 बजे तक निमंत्रण कार्ड का इंतजार किया और DM से भी बात की, लेकिन उन्हें ट्रस्ट के लोगों पर जिम्मेदारी डालकर टाल दिया गया।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि “मैं दलित समाज से हूँ, शायद इसीलिए नहीं बुलाया गया होगा। इसी भावना के कारण राष्ट्रपति (द्रौपदी मुर्मू) को भी नहीं बुलाया गया।” उन्होंने कहा कि रामराज्य में सभी जाति-धर्म के लोगों को सम्मान मिलता था, लेकिन यह रामराज्य नहीं है, क्योंकि “राम के नाम पर भाजपा व्यापार करती है।” उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा पताका फहराने का स्वागत किया, लेकिन यह भी कहा कि “आयोजन में प्रभु श्रीराम की देवतुल्य जनता को नजरअंदाज किया गया।”

प्रतिक्रिया: ‘आरोप भ्रामक और बांटने वाली राजनीति’

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा सांसद अवधेश प्रसाद के बयान को सरासर गलत और भ्रामक करार दिया है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों ने भेदभाव मिटाकर राम मंदिर के शिखर पर सनातनी ध्वजा स्थापित होने का स्वागत किया है। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर समाज को जाति, भाषा, क्षेत्र के नाम पर बांटने का राजनीतिक एजेंडा चलाने का आरोप लगाया।

चौधरी ने कहा, “हम लोग गुलामी की निशानी के विरोधी हैं। विपक्ष के लोगों की स्मृतियों में आज भी बाबर है, जबकि हम लोग बाबर को आक्रमणकारी मानते हैं।”

उन्होंने दावा किया कि बिहार चुनाव में जनता ने कांग्रेस और सपा की जातिवादी राजनीति को नकार दिया है और उनका PDA मॉडल पूरी तरह विफल हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी यूपी चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

Also Read: स्कूल रेडीनेस को मज़बूती: SCERT ने 75 जिलों के 150 नोडल मेंटर्स को किया प्रशिक्षित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.