मुरादाबाद में सफेद अंडों को रंग कर महंगे दाम पर बेचने की तैयारी, नकली अंडे और मिलावटी केमिकल जब्त

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कटघर कोतवाली क्षेत्र में एक बड़े नकली देसी अंडों के गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है। खाद्य सुरक्षा टीम ने काशीपुर रोड स्थित एक गोदाम में छापा मारकर करीब साढ़े चार लाख रुपये के अंडे जब्त किए हैं।

जांच में सामने आया कि मुनाफा कमाने के लिए सफेद अंडों को आर्टिफिशियल कलर से पॉलिश कर उन्हें देसी अंडों के रंग में बदला जा रहा था, ताकि बाजार में दोगुनी कीमत पर बेचा जा सके।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सहायक आयुक्त खाद्य मुरादाबाद के निर्देश पर यह कार्रवाई की। मौके पर मौजूद गोदाम मालिक श्री अल्लाह खां के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और पूरे गोदाम को सील कर दिया गया है। टीम ने मौके से कुल 45,360 रंगे हुए अंडे और 35,640 सफेद अंडे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 3.89 लाख रुपये बताई गई है।

अंडों की रंगाई में उपयोग हो रहे मिलावटी रासायनिक पदार्थ (adulterants) के साथ-साथ, इस्तेमाल किए गए रंगों के नमूने भी जब्त कर लिए गए हैं। इन्हें आगे की परीक्षण प्रक्रिया के लिए लैब में भेजा गया है। विभाग को केमिकल में भी मिलावट की आशंका है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि सफेद अंडों को देसी अंडों की तरह दिखाने के लिए खतरनाक केमिकल और कृत्रिम रंगों का उपयोग किया जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मिलावटी उत्पाद न केवल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हैं, बल्कि खाद्य धोखाधड़ी को बढ़ावा देते हैं। विभाग ने ऐसे मिलावटखोरों के खिलाफ जिले में निरंतर अभियान चलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

Also Read: धर्मेंद्र के निधन पर छलका हेमा मालिनी का दर्द, खालीपन को याद कर हुईं भावुक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.