रायबरेली में दबंग प्रधान की गुंडई: SIR सर्वेक्षण कर रहे महिला BLO और लेखपाल को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
Sandesh Wahak Digital Desk: रायबरेली जिले के पाल्हीपुर गांव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य कर रहे सरकारी कर्मचारियों पर जानलेवा हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दबंग ग्राम प्रधान और उसके साथी पर एक महिला बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और एक लेखपाल को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने, सरकारी प्रपत्र फाड़ने और तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
ड्यूटी के दौरान हमला और अभद्रता
पीड़ित महिला BLO आरती यादव और लेखपाल अविनाश भारती पाल्हीपुर गांव में एसआईआर का कार्य कर रहे थे। ग्राम प्रधान दीपक यादव अपने साथी नोखई के साथ मौके पर पहुंचा और कार्य में बाधा डालने लगा।
जब महिला BLO ने उसे समझाने की कोशिश की, तो प्रधान ने उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। लेखपाल अविनाश भारती के बीच-बचाव करने पर प्रधान भड़क उठा। आरोप है कि उसने जनगणना प्रपत्र फाड़ दिए, गालियां दीं और विरोध करने पर दोनों सरकारी कर्मचारियों पर तमंचा तान दिया।
जान का खतरा भांपकर दोनों कर्मचारी वहां से भागने लगे, लेकिन आरोप है कि प्रधान दीपक यादव और उसके साथी ने उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर लात-घूंसों से जमकर पीटा। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद दोनों कर्मी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
एसडीएम ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
पीड़ित कर्मचारियों ने तुरंत उपजिलाधिकारी (SDM) सलोन, चन्द्र प्रकाश को पूरे मामले की जानकारी दी। SDM चन्द्र प्रकाश ने घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल राघवन कुमार सिंह को तुरंत मामले की जांच करने और आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया है। कोतवाल राघवन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की तहरीर (शिकायत) मिल गई है और जांच के बाद जल्द ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
Also Read: चेयरमैन हटे, अब खुला लाखों का फर्जीवाड़ा, बागपत पालिका में डूडा और संपत्ति कर घोटाला

