गाजीपुर: गोहत्या और चोरी के मामलों में वांछित पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
Sandesh Wahak Digital Desk: गाजीपुर के जमानियां थाना क्षेत्र के डिग्री इलायचीपुर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच शातिर वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। थाना प्रभारी जमानियां और उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
भागने की कोशिश और फायरिंग
पुलिस टीम को जमानियां रेलवे स्टेशन की ओर जाते हुए पाँच संदिग्ध युवक दिखे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर उन्होंने भागने की कोशिश की और उनमें से एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में अरबाज अली नामक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया। इसके अलावा, उसके साथी शमशेर अली, मेराज, सरफराज और दिलसाद को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश अरबाज अली के पास से एक पिस्टल, एक खोखा और एक कारतूस बरामद हुआ। वहीं, शमशेर अली के पास से भी एक तमंचा और कारतूस मिला। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास सामने आया है और वे गोहत्या तथा चोरी समेत कई गंभीर मामलों में वांछित थे। घायल बदमाश अरबाज अली को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Also Read: मिर्जापुर में भीषण हादसा: ट्रैक्टर को ट्रक ने मारी टक्कर, दो की मौत और चार गंभीर घायल

