Luckow News: LDA में लगेगा लोन मेला, आज से मिलेगा ‘ऑन-स्पॉट’ NOC और कम ब्याज पर लोन

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने अपने आवंटियों की वित्तीय समस्याओं को दूर करने के लिए आज, 1 दिसंबर 2025 से एक विशेष लोन मेला आयोजित करने की घोषणा की है। इस मेले में सभी राष्ट्रीयकृत और अधिसूचित बैंकों की टीम मौजूद रहेगी, ताकि आवंटियों को कम ब्याज दरों पर आसानी से लोन और मौके पर ही एनओसी (No Objection Certificate) उपलब्ध कराया जा सके।

‘एक दिन, एक स्थान, पूर्ण समाधान’

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि यह मेला “एक दिन, एक स्थान, लोन संबंधी पूर्ण समाधान” के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। वित्त नियंत्रक दीपक सिंह ने बताया कि कई आवंटी जानकारी के अभाव या बैंक से लोन न मिलने के कारण समय पर भुगतान पूरा नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ बढ़ रहा है और आवंटन निरस्त होने का खतरा रहता है। यह मेला इसी समस्या को दूर करेगा।

ईडब्ल्यूएस (EWS) और अल्प आय वर्ग (LIG) के आवंटियों को लोन लेने में सबसे ज्यादा मुश्किलें आती हैं। मेले में उन्हें एक ही स्थान पर सभी औपचारिकताएँ पूरी करने की सुविधा मिलेगी।

इन योजनाओं के आवंटी उठा सकते हैं लाभ

अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि लोन मेला आवंटियों के लिए बेहद लाभकारी होगा, क्योंकि सभी बैंकों की ऑन-स्पॉट सहायता एक ही स्थान पर मिलेगी।

प्रधानमंत्री आवास योजना, सरदार वल्लभ भाई पटेल योजना, पहले आओ-पहले पाओ योजना, अनंत नगर योजना सहित अन्य आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं के आवंटी यहाँ लोन के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवंटियों को अपने साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, आय प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज़ लाने होंगे।

Also Read: यूपी रोडवेज में संविदा चालकों की भर्ती आज से शुरू, कमता बस अड्डे पर लगेगा रोजगार मेला, जानिए योग्यता और वेतन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.