संसद में SIR और BLO की मौत का मुद्दा गर्माया, विपक्ष ने किया हंगामा
Sandesh Wahak DIgital Desk: संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू होते ही विपक्ष ने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) और BLO की मौतों के मुद्दे पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया। प्रश्नकाल के आरंभ होते ही सपा समेत कई विपक्षी दल इस विषय पर तत्काल चर्चा की मांग करने लगे, लेकिन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने प्रश्नकाल का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया और सदन में नारेबाजी तेज हो गई।
अखिलेश यादव ने भी की चर्चा की मांग
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव भी सदन में खड़े होकर SIR से जुड़े मामलों पर चर्चा की मांग करते दिखे। अनुमति न मिलने पर वे अन्य सांसदों के साथ नारेबाजी करने लगे। अखिलेश का आरोप था कि सरकार गरीबों का वोट कटवाने की कोशिश कर रही है।
वहीं इससे पहले सपा सांसद राम गोपाल यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, सरकार से कोई उम्मीद नहीं है। हम अपने मुद्दे उठाएंगे। सबसे जरूरी मुद्दा SIR है। सरकार असली वोटर्स को घुसपैठिया बताकर हटाना चाहती है, जो हम नहीं होने देंगे।
बढ़ते विवाद के केंद्र में SIR और BLO की मौतें
वहीं यूपी में जारी SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दल SIR के काम में लगे BLO की लगातार हो रही मौतों को प्रमुख मुद्दे के रूप में उठा रहे हैं। आरोप है कि अत्यधिक कार्यभार और दबाव के कारण BLO आत्महत्या कर रहे हैं या गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जान गंवा रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अब तक 7 BLO की मौत हो चुकी है। जिनमें 3 ने आत्महत्या की और 4 की मौत हार्ट अटैक और ब्रेन हेमरेज से हुई है।
Also Read: Moradabad News: SIR ड्यूटी के बीच ब्रेन हेमरेज के बाद वेंटिलेटर पर महिला BLO

