बरेली पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, मृतक शिक्षक के परिवार को दी सांत्वना, 1 करोड़ मुआवजे की मांग

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को बरेली पहुंचकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) ड्यूटी के दौरान दिवंगत हुए सहायक शिक्षक और बीएलओ सर्वेश कुमार गंगवार के परिवार से मुलाकात की। अजय राय ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाते हुए प्रदेश सरकार से न्यूनतम 1 करोड़ का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

पत्नी की मौत के बाद बच्चों पर टूटा पहाड़

कांग्रेस अध्यक्ष ने कर्मचारी नगर की कृष्णा होम कॉलोनी स्थित मृतक शिक्षक सर्वेश गंगवार (47) के घर जाकर उनके दो छोटे जुड़वा बेटे और बेटी को गोद में लेकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अजय राय ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि शिक्षक सर्वेश की पत्नी का तीन महीने पहले ही कैंसर से निधन हो चुका है। अब उनके दोनों छोटे बच्चे बेसहारा हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार को न्यूनतम ₹1 करोड़ की आर्थिक मदद करनी चाहिए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए, ताकि बच्चों का भविष्य संवर सके। मृतक शिक्षक की ताई शशिबाला ने बताया कि सर्वेश के छोटे भाई नेट क्वालीफाई हैं, इसलिए मृतक आश्रित कोटे के तहत उन्हें नौकरी मिल जाए तो परिवार को संभलने में मदद मिलेगी।

‘जल्दबाजी के फैसले’ पर साधा निशाना

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस दौरान भाजपा की प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह घटना बहुत दुखद है और सरकार ने अब तक परिवार को कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया है।

अजय राय ने एसआईआर ड्यूटी को लेकर कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जल्दबाजी में लिया गया फैसला है, जो शिक्षक, लेखपाल और अन्य कर्मियों के लिए ‘जी का जंजाल’ बन गया है।

बता दें कि मूल रूप से शाहजहांपुर जिले के निवासी सर्वेश कुमार को 26 नवंबर को बीएलओ ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उनका निधन हो गया था। अजय राय करीब 15 मिनट तक घर पर रुकने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Also Read: यूपी पुलिस में नौकरियों की बहार: PAC सहित कई पदों पर 22,000 भर्तियां जल्द, इस दिन जारी होगा विज्ञापन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.