डीजी कारागार ने किया सिद्धार्थनगर जेल का औचक निरीक्षण, बंदियों से सीधा संवाद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं के महानिदेशक (DG) पी०सी० मीना ने आज (सोमवार) को जिला कारागार सिद्धार्थनगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार में संचालित व्यवस्थाओं और सुधारात्मक गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए जेल प्रशासन की जमकर सराहना की।
सुरक्षा और सुविधाओं का गहन अवलोकन
महानिदेशक पी०सी० मीना ने निरीक्षण के दौरान कारागार परिसर की विभिन्न इकाइयों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की स्वच्छता, पाकशाला (रसोई), अस्पताल, मुलाकात कक्ष और सभी रिकॉर्ड रजिस्टरों की जांच की। डीजी मीना ने बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी जानकारी ली।
बंदियों से सीधा संवाद और सराहना
डीजी मीना ने बंदियों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा सुधारात्मक गतिविधियों में उनकी सहभागिता के बारे में विस्तृत बातचीत की। उन्होंने जेल में चल रहे कौशल विकास कार्यक्रम, शिक्षा कक्षाएं और योग ध्यान गतिविधियों की विशेष सराहना की। उन्होंने कारागार स्टाफ को निर्देश दिया कि बंदियों के पुनर्वास हेतु और अधिक प्रभावी प्रयास किए जाएँ तथा सभी सुधारात्मक कार्यक्रमों को मजबूत बनाया जाए।
पी०सी० मीना, महानिदेशक कारागार ने कहा, “जिला कारागार सिद्धार्थनगर में सुरक्षा, पारदर्शिता और सुधारात्मक गतिविधियों को जिस स्तर पर संचालित किया जा रहा है, वह सराहनीय है।” इस अवसर पर जेल अधीक्षक सचिन वर्मा, प्रभारी कारापाल मुकेश प्रकाश और उपकारापाल अजीत चंद व महेश सिंह सहित अन्य कर्मीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: CM योगी का IPS प्रशिक्षुओं को मंत्र, संवाद-संवेदनशीलता से करें सिटीजन सेंट्रिक पुलिसिंग

