लखनऊ में युवा क्रिकेटर ने लगाई फांसी, सरोजनी नगर में किराए के मकान में हुई घटना
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र के शांति नगर इलाके में सोमवार दोपहर एक 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका चचेरा भाई घर पर ही था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है।
सीतापुर से आकर ले रहा था क्रिकेट ट्रेनिंग
मृतक की पहचान सीतापुर जिले के लहरपुर थाना अंतर्गत लालपुर बाजार निवासी दिव्यांशु राज (19) के रूप में हुई है। दिव्यांशु अपने छोटे भाई अर्पित राज के साथ शांति नगर में किराए के मकान में रहता था। वह सीतापुर के एक कॉलेज से बीएससी प्रथम वर्ष की प्राइवेट पढ़ाई कर रहा था और पारा स्थित प्रतिभा अकादमी में क्रिकेट की ट्रेनिंग ले रहा था। दिव्यांशु के पिता अमरेश कुमार सरकारी जूनियर स्कूल में अध्यापक हैं। उनकी माँ सरोजनी देवी का निधन करीब 8 वर्ष पहले हो चुका था।
भाई के नहाने के दौरान लगाई फांसी
सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे यह घटना हुई। दिव्यांशु का छोटा भाई अर्पित स्कूल गया हुआ था। जबकि उसका चचेरा भाई अभिषेक बार काउंसिल का पेपर देने लखनऊ आया हुआ था और बाथरूम में नहा रहा था।
इसी दौरान दिव्यांशु ने कमरे के अंदर पंखे में चादर के सहारे फांसी लगा ली। जब अभिषेक नहाकर लौटा तो उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। बार-बार आवाज देने पर भी जवाब न मिलने पर उसने खिड़की से झांका, तो दिव्यांशु को लटका हुआ देखा। आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, लेकिन सीएचसी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, युवक द्वारा यह आत्मघाती कदम उठाने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच-पड़ताल कर रही है।
Also Read: खादी महोत्सव: 3.20 करोड़ की बिक्री के साथ 42% की वृद्धि दर्ज, ‘धागे से धरोहर तक’ थीम युवाओं में हिट

