कहीं खराब तो नहीं हो रही है आपकी भी किडनी, शुरू में मिलते हैं ये संकेत

Sandesh Wahak Digital Desk: किडनी (Kidney) हमारे शरीर का ऐसा महत्वपूर्ण अंग है, जो खून को फ़िल्टर करने से लेकर शरीर के वेस्टेज को यूरीन के रूप में बाहर निकालने तक कई अहम काम करता है। किडनी पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने में भी प्रमुख भूमिका निभाती है। लेकिन जब किडनी धीरे-धीरे खराब होने लगती है, तो शरीर कुछ शुरुआती संकेत देने लगता है। इन संकेतों को समय रहते पहचान लिया जाए, तो बड़ी बीमारी से बचा जा सकता है।

यूरीन में बदलाव का दिखना

किडनी खराब होने के शुरुआती लक्षणों में सबसे आम संकेत है, यूरीन में बदलाव। अगर यूरीन झागदार दिखे, उसमें खून आए या उसकी मात्रा पहले से ज्यादा या बेहद कम हो जाए, तो यह किडनी पर बढ़ते बोझ का संकेत हो सकता है। यूरीन में लगातार झाग या बुलबुले बनना प्रोटीनुरिया का संकेत है, यानी यूरीन के साथ प्रोटीन बाहर निकलना। यह किडनी की खराबी का शुरुआती संकेत माना जाता है।

किडनी कमजोर होने पर शरीर में अतिरिक्त तरल पदार्थ जमा होने लगता है। ऐसे में रात के समय बार-बार यूरीन के लिए उठना पड़ सकता है। यह समस्या कई बार सामान्य लगती है, लेकिन यह किडनी फंक्शन के गिरने का संकेत हो सकती है।

आंखों और पैरों में सूजन

किडनी की गड़बड़ी का एक और प्रमुख लक्षण है, सूजन। खासकर पैरों, टखनों और आंखों के आसपास सूजन नज़र आने लगे तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। किडनी शरीर से सोडियम और अतिरिक्त तरल बाहर नहीं निकाल पाती, जिससे शरीर में फ़्लुइड जमा होने लगता है। अक्सर यह सूजन पहले निचले हिस्से में होती है, लेकिन बाद में शरीर के अन्य हिस्सों में भी फैल सकती है।

थकान, कमजोरी और मांसपेशियों में ऐंठन

वहीं किडनी जब अपना काम ठीक से नहीं कर पाती, तो शरीर से टॉक्सिन बाहर नहीं निकल पाते। इससे लगातार थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है। कई लोग मांसपेशियों में ऐंठन, खिंचाव या अकड़न का भी अनुभव करने लगते हैं। यह शरीर में मिनरल असंतुलन और विषाक्त पदार्थों के बढ़ने की वजह से होता है।

दिमाग पर पड़ता है बुरा असर

दरअसल किडनी खराब होने का असर सिर्फ शरीर पर नहीं, बल्कि दिमाग पर भी पड़ता है। जब किडनी वेस्टेज को बाहर नहीं कर पाती, तो ये टॉक्सिन खून में बढ़ जाते हैं, जिसका सीधा असर मस्तिष्क पर पड़ता है। इससे याददाश्त कमजोर पड़ने, ध्यान केंद्रित न कर पाने और मानसिक भ्रम जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

 

Also Read: Lucknow News: गोमतीनगर हत्याकांड सुलझा, शराब के नशे में दो युवकों ने की थी महिला की हत्या

Get real time updates directly on you device, subscribe now.