मिर्जापुर: बाणसागर नहर के पास कार में लगी भीषण आग, धू-धूकर जली गाड़ी; बाल-बाल बची चालक की जान
Sandesh Wahak Digital Desk: मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लहंगपुर पुलिस चौकी के कोठी गांव के पास बाणसागर नहर के समीप एक कार में अचानक आग लग गई। कार देखते ही देखते धू-धूकर जलकर खाक हो गई। हालांकि, समय रहते चालक कार से बाहर निकलने में सफल रहा, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
धुआं उठा और लग गई आग
कोठी गांव निवासी प्रभु नारायण मिश्र बुधवार को मिर्जापुर से अपनी मारुति कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बाणसागर नहर के पास पहुँचे, अचानक कार के बोनट से धुआँ उठता दिखा। इससे पहले कि प्रभु नारायण कुछ समझ पाते, कार में आग लग गई और आग की लपटें तेज होने लगीं।
प्रभु नारायण ने तुरंत गाड़ी रोकी और दरवाजा खोलकर नीचे उतरने की कोशिश की। उनके छोटे भाई अजय नारायण मिश्र ने बताया, “गनीमत यह रही कि कार का गेट खुल गया। गेट खोलकर नीचे उतरते समय बड़े भाई हल्के से झुलस गए। अगर गेट न खुलता तो बड़ी घटना घट सकती थी।”
दमकल पहुंचने से पहले कार राख
स्थानीय लोग जब तक माजरा समझकर मौके पर पहुंचते, तब तक आग इतनी भीषण हो चुकी थी कि कार पूरी तरह से जल उठी। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचने से पहले ही डेढ़ वर्ष पुरानी यह मारुति कार पूरी तरह से जलकर नष्ट हो चुकी थी। इस घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य किया।
रिपोर्ट : अशोक सिंह
Also Read: ‘ताजमहल की खूबसूरती आगरा के लिए श्राप’, भाजपा सांसद ने उठाई TTZ प्रतिबंधों की मांग

