चयन वेतनमान में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं: जूनियर शिक्षक संघ ने दी 17 दिसंबर को धरना प्रदर्शन की चेतावनी

पडरौना (कुशीनगर)। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों के चयन वेतनमान (Selection Pay Scale) संबंधी मामलों में हो रही देरी और हीलाहवाली पर कड़ा विरोध जताया है। बुधवार को संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा है और चेतावनी दी है कि यदि 15 दिसंबर तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो 17 दिसंबर को बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

संघ ने कहा है कि समस्याओं के निस्तारण में लंबा समय बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे शिक्षकों में भारी रोष है और वे मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं।

तीन सूत्रीय प्रमुख मांगें

बीएसए को सौंपे गए ज्ञापन में संघ ने निम्नलिखित तीन प्रमुख मांगों पर तत्काल ध्यान देने की मांग की है। सभी वांछित पत्रावलियों के बावजूद, चयन वेतनमान की पत्रावलियां बिना कारण रोकी जा रही हैं। अधिकारी नाहक में कोई न कोई टिप्पणी लगाकर उन्हें अटका रहे हैं, जिससे पात्रता पूरी करने के बाद भी शिक्षक अपने अधिकार से वंचित हैं।

शासन द्वारा वर्ष 2012 में जीपीएफ (GPF) पासबुक जारी करने और लेजर (Ledger) अपडेट करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन मौखिक और लिखित मांग के बावजूद इसे अब तक अनसुना किया जा रहा है।

नगर और आसपास के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को उनका नगरीय भत्ता (City Allowance) प्रदान नहीं किया जा रहा है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अब शिक्षकों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पदाधिकारियों ने बीएसए कार्यालय के समक्ष 17 दिसंबर को धरना व प्रदर्शन करने की तैयारी शुरू कर दी है।

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: ‘गन्ना उत्पादन में गिरावट से बढ़ी किसानों की तंगी’, किसान नेता ने सरकार की नीति पर उठाए सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.