संगठन में बड़ा फेरबदल: UP कांग्रेस विधि विभाग की सभी प्रदेश, मंडल और जिला इकाइयां तत्काल प्रभाव से भंग

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विधि विभाग में एक बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर विधि विभाग के चेयरमैन अली आसिफ जमा रिज़वी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें विभाग की सभी मौजूदा इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया।

सभी इकाइयां भंग, निवर्तमान पदाधिकारी होंगे कार्यवाहक

बैठक का संचालन विधि विभाग के प्रशासन प्रभारी शैलेश त्रिपाठी ने किया, जिसमें संगठन प्रभारी अनस खान भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। चेयरमैन अली आसिफ जमा रिज़वी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधि विभाग की पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी, सभी मंडल अध्यक्षों और जिला/शहर की सभी इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग करने की घोषणा की। रिज़वी ने निर्देश दिया कि अगली नियुक्ति तक, इन सभी इकाइयों के निवर्तमान पदाधिकारीगण कार्यवाहक के रूप में अपने पदों पर कार्य करते रहेंगे।

हालांकि, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी विधि विभाग की स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य और इलाहाबाद व लखनऊ खण्डपीठ के न्याय योद्धा (अधिवक्ता) पूर्व की भांति निरंतर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।

राहुल गांधी की महारैली की तैयारी

बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। सोशल मीडिया प्रभारी अमानुर रहमान एडवोकेट ने आगामी 14 दिसंबर 2025 को दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली महारैली पर जोर दिया। उन्होंने प्रदेश के सभी कांग्रेस विचारधारा से जुड़े अधिवक्ताओं को इस महारैली को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया, जिस पर सभी सदस्यों ने समर्थन व्यक्त किया। बैठक में सोमेश त्रिपाठी एडवोकेट, आई.पी. सिंह एडवोकेट, राजेश विद्यार्थी एडवोकेट, कादम्बिनी लाल श्रीवास्तव एडवोकेट सहित कई प्रमुख अधिवक्ता साथी उपस्थित रहे।

Also Read: लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ानें अचानक रद्द, यात्रियों ने काटा हंगामा; कई शहरों में सेवा प्रभावित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.