नोएडा में अब तक का सबसे बड़ा साइबर फ्रॉड: इंजीनियर से ₹12 करोड़ की ठगी, ‘क्यारा शर्मा’ के जाल में फंसा पीड़ित
नोएडा। गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में साइबर ठगी का अब तक का सबसे बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें एक इंजीनियर कंसल्टेंट से निवेश के नाम पर लगभग ₹12 करोड़ रुपए (₹11.99 करोड़) की ठगी की गई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और खातों को फ्रीज कर दिया गया है।
‘क्यारा शर्मा’ ने व्हाट्सएप पर फंसाया
सेक्टर-47 निवासी इंद्रपाल चौहान, जो पेशे से इंजीनियर कंसल्टेंट हैं, ठगी का शिकार हुए हैं। अक्टूबर 2025 में इंद्रपाल के व्हाट्सएप पर ‘क्यारा शर्मा’ नाम की प्रोफाइल से एक मैसेज आया। इस महिला ने बातचीत शुरू की और पीड़ित को शेयर मार्केट में निवेश के लिए उकसाया।
पीड़िता को ‘SUNDARAN AMC’ नाम से बने दो व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इन ग्रुप्स में नकली प्रॉफिट के स्क्रीनशॉट दिखाए जाते थे, जिससे इंद्रपाल को यह विश्वास दिलाया गया कि यह एक प्रमाणित शेयर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म है। शुरुआत में पीड़ित ने ₹50 हजार का छोटा निवेश किया। ठगों ने उन्हें आसानी से ₹9 लाख का प्रॉफ़िट निकालने दिया, जिससे उनका भरोसा मजबूत हो गया।
17 दिन में ₹12 करोड़ ट्रांसफर
भरोसा जीतने के बाद, ठगों ने पीड़ित को बड़े निवेश के लिए प्रेरित किया। इसके बाद 17 दिनों के भीतर 9 ट्रांजैक्शन के माध्यम से इंद्रपाल चौहान ने कुल ₹11 करोड़ 99 लाख 50 हजार कई बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। जब ठगों ने एक फर्जी ‘EXATO TECHNOLOGIES LTD’ के IPO में निवेश के नाम पर उनसे ₹17 करोड़ और मांगे, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कार्रवाई
एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि इस संबंध में थाना साइबर क्राइम सेक्टर-36 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह नोएडा में सामने आया अब तक का सबसे बड़ा साइबर फ्रॉड है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल पाए गए सभी बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है और राशि को रिकवर करने का प्रयास कर रही है। एडीसीपी ने जल्द ही संदिग्धों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
Also Read: कुशीनगर में लेप्टोस्पायरोसिस रोकथाम अभियान, 1600+ सफाईकर्मी जुटे, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण

