Moradabad News: सपा नेता का WhatsApp हैक, अधिकारियों और महिलाओं वाले ग्रुप में पहुंचा अश्लील वीडियो

Moradabad News: मुरादाबाद में साइबर ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ समाजवादी पार्टी के एक नेता का मोबाइल फोन हैक हो गया, जिसके बाद उनके नंबर से कई व्हाट्सएप ग्रुपों में अश्लील वीडियो और तस्वीरें भेज दी गईं। इन ग्रुपों में कई वरिष्ठ अधिकारी और महिलाएं भी जुड़ी हुई थीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

सपा नेता महेंद्र कुमार ने इसे साइबर हैकरों की करतूत बताते हुए सिविल लाइंस थाने, साइबर थाने और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला हैकिंग का ही लग रहा है।

शादी के कार्ड से हुआ खेल

दरअसल, इन दिनों शादी का सीजन चल रहा है और समय बचाने के लिए लोग डिजिटल निमंत्रण कार्ड व्हाट्सएप पर भेजने लगे हैं। साइबर हैकरों ने इसे ठगी का नया हथियार बना लिया है। शनिवार दोपहर सपा नेता महेंद्र कुमार के साथ भी ऐसा ही हुआ। उन्होंने व्हाट्सएप पर आए एक शादी के कार्ड को खोला, जिसके तुरंत बाद उनका व्हाट्सएप अचानक बंद हो गया।

कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि उनके मोबाइल नंबर से जुड़े कई व्हाट्सएप ग्रुपों में अश्लील वीडियो और तस्वीरें भेजी जा चुकी हैं। महेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने जिस फाइल को शादी का कार्ड समझकर खोला था, वह असल में ‘एपीके (APK) फाइल’ थी। इस फाइल को खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया।

क्या है यह एपीके फाइल

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, एपीके एक प्रकार का फाइल फॉर्मेट होता है, जिसमें एंड्रॉइड ऐप का पूरा इंस्टॉलेशन पैकेज होता है। साइबर ठग सोशल मीडिया पर आकर्षक फोटो या कार्ड भेजकर लोगों के फोन में यह एपीके फाइल इंस्टॉल करवा देते हैं। फाइल खुलते ही साइडलोडिंग के जरिए फोन में ऐप इंस्टॉल होना शुरू हो जाता है और फोन हैक हो जाता है।

Also Read: गोवा: नाइटक्लब में सिलेंडर फटने से 25 की मौत, सीएम सावंत बोले- फायर सेफ्टी नियमों की घोर अनदेखी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.