Jaunpur News: डिप्टी CM बृजेश पाठक का बड़ा बयान, कफ सिरप मामले में होगी सख्त कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम/स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक आज जौनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव के पैतृक आवास समस पनियरिया जाकर शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश और देश की राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर अपने विचार रखे। डिप्टी सीएम से जब बच्चों की मौत से जुड़े कोडीन कफ सिरप मामले पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा—
“कफ सिरप प्रकरण की जांच चल रही है। कितनी मौतें हुई हैं, इसकी भी जांच जारी है। जो भी दोषी होगा, उसे बचाया नहीं जाएगा।”
हालांकि, यह पूछे जाने पर कि अब तक यूपी में कितने मासूमों की मौत हुई है, उन्होंने इस पर विस्तृत जवाब देने से परहेज़ करते हुए फिर से जांच का हवाला दिया।

कानून-व्यवस्था पर अखिलेश को घेरा
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर हमला बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा—
“अगर अखिलेश यादव के कार्यकाल की तुलना योगी सरकार से करेंगे तो आपको पता चलेगा कि पिछली सरकार में हत्या, लूट, बलात्कार, प्लॉट और मकान कब्जा, टेंडर लूट जैसी घटनाएं अधिक थीं। आज योगी सरकार में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है।”
बुलडोजर कार्रवाई पर अखिलेश यादव की आलोचनाओं के जवाब में उन्होंने कहा— “किसी भी अखबार या चैनल की कटिंग देख लीजिए, अखिलेश यादव का मुंह बंद हो जाएगा।”
SIR पर विपक्ष को करारा जवाब
SIR को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर डिप्टी सीएम ने कहा—
“बिहार में 65 लाख वोट SIR के तहत हटाए गए। क्या किसी ने शिकायत की? चुनाव भी हो गए और विपक्ष को करारी हार मिली, इसलिए वे हताश हैं।”
उन्होंने SIR को लोकतंत्र की शुचिता के लिए अनिवार्य बताते हुए कहा—
“जैसे मन की शुचिता के लिए योग जरूरी है, वैसे ही लोकतंत्र की शुचिता के लिए SIR जरूरी है। मृतक, बच्चे और घुसपैठिए—सभी को सूची से पृथक किया गया है।”
2027 चुनाव पर बड़ा दावा
डिप्टी सीएम ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया— “बीजेपी 2027 में फिर इतिहास दोहराएगी और 2017 की तरह प्रचंड बहुमत से 315 सीटों के करीब सरकार बनाएगी।”
Also Read: Jaunpur News: 12 साल बाद मिला न्याय, NH-233 के किसानों के खाते में पहुंची पहली किस्त

