अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि परिसर को दो हिस्सों में बांटने की तैयारी, 3600 मीटर लंबी बाउंड्री का निर्माण शुरू
Sandesh Wahak Digital Desk: श्रीराम जन्मभूमि परिसर के 108 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल को पहली बार प्रशासनिक और तीर्थ क्षेत्र की सुविधाओं के आधार पर दो भागों में विभाजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इस विभाजन के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।
बाउंड्री वॉल और नए कार्यालय का निर्माण
यह बाउंड्री वॉल आद्य गुरु शंकराचार्य द्वार के दक्षिण में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और गेस्ट हाउस के साथ-साथ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र कार्यालय के निर्माण क्षेत्र को कवर करेगी। इसमें पंचवटी का 10 एकड़ भू-भाग भी शामिल है। बाउंड्री का निर्माण गोकुल भवन की तरफ से शुरू हुआ है। निर्माण एजेंसी इंडिया इंजीनियरिंग लिमिटेड (IEL) सतह से 20 मीटर की गहराई तक पाइलिंग का काम कर रही है।
निर्माणाधीन कार्यालय में भविष्य में तीर्थ क्षेत्र से जुड़े सभी आधिकारिक कार्य (लेखा विभाग सहित) शिफ्ट किए जाएंगे। तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र (PFC) और तीर्थ यात्री सेवा केंद्र (PSC) भी यहीं स्थानांतरित किए जाएंगे। इसके लिए कार्यालय भवन में एक तल अतिरिक्त जोड़कर उसे तीन तल का कर दिया गया है।
कर्मचारियों के लिए नया रास्ता
तीर्थ क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए परिसर के अंदर निर्माणाधीन ऑडिटोरियम और गेस्ट हाउस तक पहुंचने के लिए एक नए रास्ते के निर्माण की भी तैयारी है। यह नया रास्ता टेढ़ी बाजार से थाना राम जन्मभूमि होकर दुराही कुआं जाने वाले मार्ग पर स्थित गायत्री भवन के सामने से बनाया जाएगा। यह मार्ग 6 दिसंबर 1992 की घटना से पहले एक व्यस्त संपर्क मार्ग था, लेकिन अयोध्या विशेष एक्यूजीशन एक्ट (1993) के तहत अधिग्रहण के कारण इसे बंद कर दिया गया था।
अत्याधुनिक सुरक्षा दीवार
श्रीराम जन्मभूमि परिसर के 108 एकड़ से अधिक क्षेत्र में करीब 3600 मीटर लंबी बाउंड्री का निर्माण स्वीकृत है। यह सुरक्षा दीवार अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस होगी। इसके निर्माण से पहले संबंधित क्षेत्रफल में लगी त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग हटाई जा रही है और झाड़ियों की सफाई का काम चल रहा है। उत्तर-पूर्व कोण में भी नींव का उत्खनन शुरू हो गया है।

