Barabanki News: यूट्यूब देखकर झोलाछाप डॉक्टरों ने किया पथरी का ऑपरेशन, महिला की मौत पर FIR दर्ज

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और झोलाछाप डॉक्टरों की मनमानी का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां कोठी थाना क्षेत्र के एक अवैध क्लीनिक में यूट्यूब पर वीडियो देखकर पथरी का ऑपरेशन करने वाले दो झोलाछाप डॉक्टरों ने एक महिला को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है और ग्रामीण इलाकों में चल रहे अवैध क्लीनिकों की बड़ी पोल खुल गई है।

मृतका के पति तेहबहादुर रावत ने बताया कि उनकी पत्नी मुनिशरा रावत को पथरी की समस्या थी। 5 दिसंबर को वे उन्हें इलाज के लिए श्री दामोदर औषधालय कोठी ले गए। इस क्लीनिक को ज्ञान प्रकाश मिश्र चलाता था, जो पूर्व ग्राम प्रधान और महंत भी रह चुका है, लेकिन उसके पास कोई मेडिकल डिग्री नहीं है।

ज्ञान प्रकाश ने महिला को तुरंत ऑपरेशन की सलाह दी और करीब 25 हजार रुपये का खर्च बताया। पति ने ऑपरेशन के लिए 20 हजार रुपये जमा भी कर दिए।

यूट्यूब वीडियो देखकर किया ऑपरेशन

तेहबहादुर की तहरीर के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान ज्ञान प्रकाश मिश्र और उसका भतीजा विवेक कुमार मिश्र किसी अनुभवी डॉक्टर की मदद लेने के बजाय यूट्यूब पर सर्जरी का वीडियो देखकर उसी के आधार पर महिला का ऑपरेशन करने लगे। बिना किसी मेडिकल ज्ञान के किए गए इस ऑपरेशन में महिला के पेट में गहरा चीरा लगा दिया गया और आरोप है कि कई महत्वपूर्ण नसें कट गईं। महिला की हालत लगातार बिगड़ने लगी और 6 दिसंबर की शाम उसकी मृत्यु हो गई।

गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस के आश्वासन पर भीड़ शांत हुई। थाना कोठी के इंस्पेक्टर अमित सिंह भदौरिया ने मृतका के पति की शिकायत के आधार पर झोलाछाप डॉक्टर ज्ञान प्रकाश मिश्र और उसके भतीजे विवेक कुमार मिश्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (IPC 304) और एससी-एसटी एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

आरोपी चाचा-भतीजा घटना के बाद से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। कोठी CHC के अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने क्लीनिक परिसर पर नोटिस चस्पा कर इसे अवैध बताया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: Lucknow News: CBI कोर्ट का बड़ा फैसला, BBAU के पूर्व ऑफिस असिस्टेंट को 4 साल की कैद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.