Lucknow News: धार्मिक स्थल पर शूटिंग का विरोध, मौलाना यासूब अब्बास के हस्तक्षेप के बाद चैनल ने माफ़ी माँगी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के धार्मिक स्थल मुक़द्दस रौज़ा ए फातिमैन में एक टीवी शो की शूटिंग को लेकर उपजे विवाद के बाद कलर्स चैनल ने माफ़ी माँगी है। शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास द्वारा कड़ी आपत्ति जताए जाने के बाद चैनल ने यह कदम उठाया है। कुछ दिन पहले, कलर्स चैनल पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक सहर होने को है की शूटिंग रौज़ा ए फातिमैन में हुई थी। शूटिंग की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिया समुदाय में भारी रोष फैल गया था।
शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा था कि किसी भी धार्मिक स्थल पर व्यावसायिक शूटिंग स्वीकार्य नहीं है। मौलाना के विरोध के बाद, कलर्स टीवी ने आधिकारिक रूप से पत्र जारी कर मौलाना यासूब अब्बास और पूरे शिया समुदाय से माफ़ी मांगी है।
चैनल की ओर से जारी माफ़ीनामे में कहा गया है कि हमारी यूनिट से अनजाने में यह गलती हुई है। हम किसी की भी धार्मिक भावना को ठेस पहुँचाना नहीं चाहते थे। चैनल ने यह भी सुनिश्चित किया है कि वह भविष्य में ऐसी किसी भी धार्मिक स्थल पर शूटिंग नहीं करेगा।
बता दें कि टीवी शो सहर होने को है में मुख्य रूप से अभिनेत्री माही विज और ऋषिता कोठारी अहम भूमिका निभा रही हैं। यह ड्रामा लखनऊ के महमूदाबाद पैलेस और अन्य जगहों पर शूट हो रहा है। हालाँकि, जब रौज़ा ए फातिमैन में शूटिंग की तस्वीरें वायरल हुईं, तभी से विवाद शुरू हो गया था, जिस पर मौलाना यासूब अब्बास के विरोध के बाद चैनल ने त्वरित कार्रवाई की।
Also Read: Varanasi News: देश के पहले हाइड्रोजन-चालित जलयान को मिली हरी झंडी

